BREAKING NEWS
नहाय-खाय के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू, बिहार-झारखंड में भक्तिमय माहौल; घाटों पर तैयारियां तेज
रांची: लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। महापर्व की शुरुआत होते ही बिहार और झारखंड समेत देश के विभिन्न हिस्सों में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। घरों से लेकर बाजारों और छठ घाटों तक रौनक बढ़ गई है। छठ व्रती पूरी श्रद्धा, भक्ति और नियम-निष्ठा के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना में जुट गए हैं।
छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाती है। इस दिन व्रती सुबह स्नान कर अपने घर और रसोई की साफ-सफाई करते हैं। इसके बाद पूरी शुद्धता और पवित्रता के साथ भोजन तैयार किया जाता है। परंपरागत रूप से इस दिन कद्दू-भात और चने की दाल का प्रसाद बनाया जाता है। व्रती इसे ग्रहण करने के बाद छठ पूजा के कठिन अनुष्ठान की शुरुआत करते हैं। नहाय-खाय के साथ ही घरों में छठी मैया के गीत गूंजने लगते हैं और पूरे वातावरण में भक्ति का रंग दिखाई देने लगता है।
खरना के साथ शुरू होगा36घंटे का निर्जला व्रत
छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को भगवान की पूजा-अर्चना करेंगे और गुड़ की खीर, रोटी तथा अन्य पारंपरिक प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना का प्रसाद परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों के बीच भी वितरित किया जाता है। इसके बाद व्रतियों का लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है, जिसमें वे अन्न और जल दोनों का त्याग कर भगवान सूर्य की उपासना करते हैं।
रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
महापर्व के तीसरे दिन रविवार को श्रद्धालु नदी, तालाब, डैम और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान व्रती पानी में खड़े होकर बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री सजाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे। छठ घाटों पर इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा महापर्व का समापन
महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार को व्रती उदीयमान सूर्य को प्रातः अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाले कठिन व्रत का समापन होगा। अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण कर व्रत पूरा करेंगे। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना की जाती है।
धुर्वा डैम समेत विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियां तेज
राजधानी रांची में छठ महापर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। धुर्वा डैम समेत शहर के विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई और अन्य तैयारियां की जा रही हैं। घाटों का जायजा लिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
वहीं, बाजारों में छठ पूजा की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ गई है। फल, नारियल, गन्ना, सूप, दउरा, ठेकुआ बनाने की सामग्री और अन्य पूजन सामग्रियों की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। छठ गीतों से घरों और आसपास का वातावरण भक्तिमय हो गया है।
स्वच्छता,प्रकृति और सामाजिक एकता का संदेश देता है छठ
छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था और परंपरा का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति सम्मान, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकता का भी संदेश देता है। इस पर्व में जाति, वर्ग और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी लोग एक साथ घाटों पर पूजा-अर्चना करते हैं। भगवान सूर्य को ऊर्जा और जीवन का आधार मानते हुए उनकी उपासना की जाती है।
लोक आस्था का यह महापर्व लोगों को परिवार, समाज और प्रकृति से जोड़ने का काम करता है। चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में श्रद्धा, समर्पण और पवित्रता की अनूठी मिसाल देखने को मिलती है।
रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।