BIHAR NEWS
धनतेरस पर खरीदारी का विशेष महत्व, शुभ मुहूर्त में सोना-चांदी के साथ झाड़ू, नमक और पीली सरसों खरीदना भी शुभ
हिंदू धर्म में दीपावली और धनतेरस का विशेष धार्मिक महत्व है। धनतेरस के दिन खरीदारी को लेकर लोगों में खास उत्साह रहता है। मान्यता है कि इस दिन शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने से घर में सुख-समृद्धि और मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। यही वजह है कि लोग इस दिन सोने-चांदी से लेकर बर्तन और अन्य सामानों की खरीदारी करते हैं।
धनतेरस पर खरीदारी का शुभ मुहूर्त क्या है?
कशिश न्यूज़ से बातचीत के दौरान आचार्य मनोज मिश्रा ने बताया कि इस बार धनतेरस का पर्व शुक्रवार, 6 नवंबर को मनाया जाएगा। इस दिन दोपहर 12:30 बजे से देर रात तक खरीदारी की जा सकती है। हालांकि, शुभ मुहूर्त की बात करें तो शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक खरीदारी करना विशेष फलदायी माना गया है।
सोना-चांदी के साथ इन पांच चीजों की खरीदारी भी मानी जाती है शुभ
आचार्य मनोज मिश्रा ने बताया कि धनतेरस पर सोने-चांदी और बर्तनों की खरीदारी के साथ झाड़ू, नमक और पीली सरसों खरीदना भी शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन वस्तुओं को घर लाने से मां लक्ष्मी का आगमन होता है और घर में सुख-शांति एवं समृद्धि बनी रहती है। ऐसे में धनतेरस पर खरीदारी करते समय इन पारंपरिक वस्तुओं का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए।
मां लक्ष्मी और भगवान धन्वंतरि की कृपा के लिए विशेष दिन
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। इसी कारण धनतेरस को धन्वंतरि जयंती के रूप में भी मनाया जाता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा करने से आरोग्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की जाती है। वहीं मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा से धन-धान्य एवं समृद्धि की कामना की जाती है।
आचार्य मनोज मिश्रा के अनुसार, धनतेरस केवल खरीदारी का पर्व नहीं है, बल्कि यह सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना से जुड़ा विशेष धार्मिक अवसर भी है। ऐसे में इस दिन अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार शुभ वस्तुओं की खरीदारी कर पर्व मनाना चाहिए।
पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।