बिहार विधानसभा की दो सीटों के लिए उपचुनाव खत्म हो गया। दोनो सीटों के लिए सियासी पार्टियों ने खूब ज़ोर आजमाइश की। एक दूसरे पर तीखे वार किए गए। यहां तक कि चुनाव से एक दिन पहले ऑडियो-वीडियो के सहारे एक दूसरे पर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप-प्रत्यारोप चलता रहा। लेकिन जनता ने अब अपना फैसला सुना दिया है। तमाम आरोपों के बीच मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न हुआ। जनता का फैसला ईवीएम में बंद हो चुका है, जो 2 नवंबर को खुलेगा।

लेकिन दोनों सीटों पर मतदान को लेकर जो रुझान सामने आए, उसमें कई संकेत छिपे हैं। मसलन

कुशेश्वरस्थान विधानसभा में 49 फीसदी मतदान हुआ। जबकि तारापुर में 50.04 फीसदी मतदान हुआ। दोनो सीटों पर 2020 के मुकाबले करीब 5 फीसदी कम मतदान हुआ है। जबकि 2015 के मुकाबले करीब 2 फीसदी कम मतदान हुआ है। कुशेश्वरस्थान में 2015 में मतदान का प्रतिशत 51.17 था। जबकि 2020 में विधानसभा चुनाव में 54.43 प्रतिशत था जो इस बार घटकर 49 प्रतिशत पर चला गया। वहीं तारापुर में 2015 में 52.66 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2020 में 55.08 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो इस बार घटकर 50.04 फीसदी पर चला गया। कुशेश्वरस्थान में 48 फीसदी पुरुषों ने, जबकि 50 फीसदी महिलाओं ने वोट डाले। कुशेश्वरस्थान में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की भागीदारी 2 फीसदी ज्यादा रही।

दोनो सीटों पर हुए उपचुनाव में एक औऱ संकेत छिपे हैं। इस बार के उपचुनाव में 2020 के मुकाबले महिलाओं की भागीदारी भी कम नज़र आई। हालांकि पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या इस बार भी ज्यादा रही। लेकिन 2020 के मुकाबले ये अंतर कम रहा। जबकि 2020 के चुनाव में पुरुषों के मुकाबले में औसतन 5 प्रतिशत ज्यादा महिलाओं ने वोट डाले थे। महिलाओं की भागादारी में कमी जेडीयू की चिंता बढ़ा सकती है। क्योंकि पिछले 10 सालों से हर चुनाव में महिलाएं नीतीश कुमार के साथ रहीं और किसी भी चुनाव में बढ़ चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। नीतीश कुमार की जीत के पीछे महिलाओं की बड़ी भूमिका मानी जाती रही है। आधी आबादी ने 2015 विधानसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर किया था। महिलाओं ने करीब 60 फीसदी मतदान कर नतीजों को प्रभावित किया था। साल 2010 के चुनाव से ही महिलाएं नीतीश कुमार के साथ खड़ी रहीं। इस बार के उपचुनाव में भी महिलाओं की भागीदारी पुरुषों के मुकाबले ज्यादा दिखीं, लेकिन पिछले चुनावों के मुकाबले ये अंतर बहुत कम रहा। हालांकि इन संकेतों के आधार पर जीत के अपने-अपने दावे हो सकते हैं, लेकिन तस्वीर 2 नवंबर को ही साफ हो पाएगी।