GAYA :गया के ब्रह्मयोनि पहाड़ के प्रांगण में वैश्य समाज द्वारा संत शिरोमणि महात्मा गणिनाथ गोविंद की जयंती हर्षोल्लास तरीके से मनाई गई, जहां समाज के हजारों की संख्या में महिला-पुरुष व बच्चे शामिल हुए. इस दौरान सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें समाज में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया.
इस दौरान समाज के बच्चों द्वारा एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई. कार्यक्रम में वैश्य समाज के बुद्धिजीवों के अलावा बोधगया के आरजेडी विधायक कुमार सर्वजीत, बाराचट्टी की विधायक ज्योति मांझी सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए.
कार्यक्रम में शामिल बोधगया के आरजेडी विधायक कुमार सर्वजीत ने कहा कि आज वैश्य समाज के गुरु की जयंती मनाई जा रही है. इस कार्यक्रम में हमें शामिल होने के लिए बुलाया गया था, यहां आकर काफी अच्छा लगा. इस तरह के कार्यक्रम से समाज में एक जुटता आती है. वर्तमान समय में ईष्या की भावना लोगों में बढ़ रही है, ऐसे में इस तरह के कार्यक्रम का होना अच्छी बात है.
वहीं उन्होंने कहा कि वैश्य समाज द्वारा राजनीतिक हिस्सेदारी की लगातार मांग की जा रही है, ऐसे में हमने आश्वासन दिया है कि समाज के लोग अलग से एक बैठक कर अपनी बातों को रखें, अगर वैश्य समाज के लोग हमारी पार्टी के नीति और सिद्धांतों से सहमत हैं तो वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में निश्चित रूप से उन्हें राजनीतिक हिस्सेदारी दी जाएगी लेकिन उन्हें पार्टी की नीति और सिद्धांतों को समझना चाहिए और उसमें विश्वास करना चाहिए, तभी उनके लिए हम कुछ कर पाएंगे.
वहीं, कार्यक्रम में शामिल अखिल भारतीय वैश्य मद्धेशिया महासभा के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी बाबा गणिनाथ की जयंती मनाई जा रही है. यह कार्यक्रम दो दिनों तक चलेगा. साथ ही सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है. इसके अलावा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया है, जहां समाज के लोगों ने रक्तदान किया है.
समाज के लोगों के उत्थान और विकास के लिए इस तरह का कार्यक्रम किया जाता है. हमलोग लगातार वैश्य समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी की मांग कर रहे हैं, जो राजनीतिक दल हमें राजनीतिक हिस्सेदारी दिलाएगा, उसके साथ ही हमलोग जाएंगे. ऐसी हमारी बाध्यता नहीं है कि किसी खास पार्टी के हमलोग वोटर हैं. राजनीतिक हिस्सेदारी देने वाले लोगों के साथ ही वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में हम सहभागिता निभाएंगे.
