BPSC Teachers Exam : BPSC यानी बिहार लोकसेवा आयोग की शिक्षक भर्ती परीक्षा के रिजल्ट में अब गड़बड़ी के आरोप लगने लगे हैं। इस मामले को लेकर अब अभ्यर्थियों में उबाल भी दिखने लगा है लिहाजा शिक्षक भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों ने नीतीश सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दे दी है। वहीं, इस पूरे मामले पर अब सियासत भी गरमाने लगी है। इधर, शिक्षक भर्ती रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सैकड़ों अभ्यर्थियों ने BPSC कार्यालय का घेराव किया है और जमकर हंगामा कर रहे हैं।


शिक्षक बहाली में गड़बड़ी!, BPSC दफ्तर के बाहर अभ्यर्थियों का हंगामा, NDA ने सरकार को घेरा, गरमायी सियासत

सैकड़ों अभ्यर्थियों का हंगामा

रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सैकड़ों अभ्यर्थियों ने पटना में BPSC दफ्तर को घेर लिया और शिक्षकों की बहाली में हुए फर्जीवाड़े की जांच की मांग कर रहे हैं। बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर उतरे हैं और BPSC दफ्तर के बाहर हंगामा कर रहे हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि रिजल्ट में हुई गड़बड़ी की जांच करने के बाद फिर से रिजल्ट जारी किया जाए। अभ्यर्थियों के हंगामे को लेकर BPSC दफ्तर के बाहर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है।


शिक्षक बहाली में गड़बड़ी!, BPSC दफ्तर के बाहर अभ्यर्थियों का हंगामा, NDA ने सरकार को घेरा, गरमायी सियासत

चिराग पासवान ने गड़बड़ी का लगाया आरोप

इधर, बिहार में बीजेपी समेत सभी विरोधी पार्टियों ने रिजल्ट में गड़बड़ी को लेकर गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिए हैं। NDA के मुख्य घटक दल लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान के साथ-साथ 'हम' संरक्षक जीतन राम मांझी ने रिजल्ट में धांधली का आरोप लगाया है। चिराग पासवान का आरोप है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार ने बैकडोर यानी पिछले दरवाजे से लोगों को नौकरियां दी हैं। शिक्षक बहाली में भ्रष्टाचार हुआ है।


शिक्षक बहाली में गड़बड़ी!, BPSC दफ्तर के बाहर अभ्यर्थियों का हंगामा, NDA ने सरकार को घेरा, गरमायी सियासत

'सड़क से लेकर सदन तक होगा संग्राम'

वहीं, जीतन राम मांझी ने भी आरोप लगाया है कि BPSC शिक्षक बहाली में लैंड फॉर जॉब स्कैम की तरह घोटाला हुआ है। उन्होंने इस मामले की जांच कराने की भी मांग की है। वहीं, विधान पार्षद नवल किशोर यादव ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा कि इस मामले को हम सभी सड़क से लेकर सदन तक उठाने का काम करेंगे। सरकार ने हड़बड़ी में शिक्षक बहाली का रिजल्ट निकाला है। सरकार इस मामले की लीपापोती में लगी हुई है। छात्र आक्रोशित हैं लिहाजा सरकार को जवाब देना चाहिए। बगैर कट ऑफ के रिजल्ट की कोई विश्वसनीयता ही नहीं रह जाती है। सरकार हर मोर्चे पर फेल है।

शिक्षक बहाली में गड़बड़ी!, BPSC दफ्तर के बाहर अभ्यर्थियों का हंगामा, NDA ने सरकार को घेरा, गरमायी सियासत

बोली आरजेडी - आ रही हैं कई शिकायतें

वहीं, इस मामले पर अब सत्तापक्ष की तरफ से भी बयान आने लगे हैं। आरजेडी के विधायक भाई वीरेन्द्र ने कहा है कि कई जगहों से गड़बड़ी की खबरें सामने आ रही हैं। छात्र भी नाराज हैं लिहाजा सरकार इस मामले को देखेगी। छात्रों के हर मुद्दे पर नीतीश सरकार संजीदा है।

कांग्रेस का बीजेपी पर आरोप

वहीं, इस पूरे मामले पर कांग्रेस के प्रवक्ता राजेश राठौर का कहना है कि कई जगहों से रिजल्ट में गड़बड़ी की शिकायतें आ रही हैं। छात्र भी नाराज हैं। इस पूरे मामले को अब गंभीरता से सरकार देखेगी। साथ ही उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी इस बहाली प्रक्रिया में अड़ंगा लगाने की कोशिश में जुटी है ताकि 2025 के चुनाव में इसका फायदा लिया जा सके। सरकार छात्र के हर मुद्दे पर संजीदा है।

गौरतलब है कि BPSC शिक्षक बहाली का रिजल्ट पिछले दिनों जारी हुआ है। 1.70 लाख पदों के मुकाबले 1.22 लाख अभ्यर्थी ही पास हो सके हैं। चयनित अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग जारी है। काउंसिलिंग के बाद उनकी ट्रेनिंग होगा, फिर उन्हें नियुक्ति दे दी जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आगामी 2 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति-पत्र बांटेंगे।