पटना: रियलिटी शो‘Rise And Fall Season 2’ से तेज प्रताप यादव बाहर हो गए हैं. शो से उनकी विदाई के बाद बिहार की राजनीति और मनोरंजन जगत में इसकी चर्चा तेज हो गई है. तेज प्रताप के साथ अभिनेता करण पटेल भी शो से बाहर हुए हैं. करण पटेल ने अपनी बीमारी को बाहर होने की वजह बताया है, जबकि तेज प्रताप के मामले में राजनीतिक और कानूनी जिम्मेदारियों को कारण बताया जा रहा है.
शो से बाहर होने के बाद तेज प्रताप देर रात पटना पहुंचे. पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने शो के अनुभव को अच्छा बताया. जब उनसे पूछा गया कि शो में सबसे अलग और यूनिक कैरेक्टर किसका था, तो तेज प्रताप ने अपने अंदाज में जवाब दिया कि सबसे यूनिक कैरेक्टर उनका ही था.
तेज प्रताप ने शो से बाहर होने को लेकर मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि उनके जाने के बाद पता चलेगा कि शो चलता है या नहीं. उन्होंने कहा कि वह चाहेंगे कि शो आगे भी चलता रहे. साथ ही उन्होंने दावा किया कि शो में उनके रहने से इसकीTRP बढ़ी थी. शो में तेज प्रताप पहले‘Ultimate Ruler’ भी बने थे.
इस बीच राखी सावंत का पुराना अंदाज भी एक बार फिर चर्चा में आ गया है. तेज प्रताप के शो में रहने के दौरान राखी सावंत ने उनके पिता लालू यादव का जिक्र करते हुए गाने के अंदाज में‘लालू जी बड़ा दुख...’ कहा था. तेज प्रताप के शो से बाहर होने के बाद राखी का यह पुराना बयान सोशल मीडिया पर फिर चर्चा में है.
रिपोर्ट के मुताबिक, शो के नियमों में अपनी इच्छा से बाहर निकलने पर पेनल्टी का प्रावधान है, लेकिन तेज प्रताप के मामले में अलग व्यवस्था किए जाने की बात सामने आई है.
पटना एयरपोर्ट पर तेज प्रताप से रोहिणी आचार्य के बिहार आने को लेकर भी सवाल हुआ. उन्होंने इसे अच्छी बात बताया. अब शो से तेज प्रताप की विदाई के बाद दर्शकों की नजर आगे की कहानी पर है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
