PATNA :जातीय गणना की रिपोर्ट जारी होने के बाद से ही बिहार की सियासत में बवाल मचा हुआ है। रोजाना सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच वार-पलटवार हो रहा है। इस बीच आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद के कैंसर वाले बयान से बिहार की सियासत गरमाई हुई है। इस मामले पर बिहार बीजेपी के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि लालू प्रसाद खुद जातीय उन्माद के कैंसर हैं। सम्राट चौधरी का ये बयान सुनते ही लालू प्रसाद के बड़े लाल तेजप्रताप भड़क गये हैं।


सम्राट चौधरी पर भड़के तेजप्रताप यादव

मीडिया से बात करते हुए तेजप्रताप ने सम्राट चौधरी पर जमकर निशाना साधा है और कहा है कि सम्राट चौधरी होते कौन हैं बोलने वाले? लालू प्रसाद के सामने सम्राट चौधरी की हैसियत क्या है? सम्राट चौधरी तो खुद शकुनी मामा के बेटे हैं, जिन्होंने महाभारत करवाया। तेजप्रताप ने कहा कि वे पहले हमारी पार्टी में थे लेकिन ग़लत कारनामों की वजह से उन्हें निकाल दिया गया तो बीजेपी में चले गये।

लालू प्रसाद ने सोशल मीडिया पर डाला था पोस्ट

गौरतलब है कि सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया था और लिखा था कि "जातिगत जनगणना के विरुद्ध जो भी लोग हैं, वो इंसानियत, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक बराबरी तथा समानुपातिक प्रतिनिधित्व के ख़िलाफ है। ऐसे लोगों में रत्तीभर भी न्यायिक चरित्र नहीं होता है। किसी भी प्रकार की असमानता और ग़ैर बराबरी के ऐसे समर्थक अन्यायी प्रवृत्ति के होते है, जो जन्म से लेकर मृत्यु तक केवल और केवल जन्मजात जातीय श्रेष्ठता के आधार एवं दंभ पर दूसरों का हक़ खाकर अपनी कथित श्रेष्ठता को बरकरार रखना चाहते हैं। कैंसर का इलाज सिरदर्द की दवा खाने से नहीं होगा।

विदित है कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद के इसी पोस्ट पर बिहार में सियासी तूफान खड़ा हो गया है। लालू प्रसाद के इसी बयान पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने पलटवार किया था। सम्राट चौधरी ने कुछ दिन पहले कहा था कि भारतीय जनता पार्टी ने ही लालू प्रसाद को हरदी लगाया था मतलब मुख्यमंत्री बनाया था।