Women’s Asian Champions Trophy Rajgir 2024 :भारत की महिला हॉकी टीम ने कमाल कर दिया है। मंगलवार को राजगीर हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में जापान को 2-0 से रौंद दिया है। जापान को मात देने के बाद अब टीम इंडिया फाइनल में पहुंच गयी है।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने कर दिया कमाल
जापान के खिलाफ रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में भारत के लिए नवनीत कौर और लालरेमसियामी ने आखिरी क्वार्टर में एक-एक गोल दाग कर टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित की। यह सेमीफाइनल मुकाबला इतना रोमांचक रहा कि 15-15 मिनट के पहले तीन क्वार्टर गोलरहित रहे लेकिन आखिरी 15 मिनट में जापान की टीम दबाव में ढह गई।
आखिरी क्वार्टर शुरू होने के 2 मिनट बाद ही भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे नवनीत कौर ने गोल में तब्दील करके टीम इंडिया को 1-0 से बढ़त दिलाई। मुकाबला समाप्त होने में 4 ही मिनट बाकी थे, तभी लालरेमसियामी ने 56वें मिनट में जापानी गोलकीपर को चकमा देते हुए गोल दागते हुए भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई।
फाइनल में अब चीन से मुकाबला
वहीं, पहले सेमीफाइनल मुकाबले में चीन ने मलेशिया को 3-1 से हराया था। भारतीय महिला हॉकी टीम का फाइनल में चीन से सीधा मुकाबला होगा। ये मुकाबला कल यानी बुधवार को राजगीर के एस्ट्रोटर्फ मैदान में खेला जाएगा।

