NAWADA : नवादा में दुर्गा पूजा और दशहरा का त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए नवादा पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। अगर कोई भी असामाजिक तत्व इस दौरान माहौल को खराब करने का प्रयास करेगा तो उसकी ख़ैर नहीं होगी।
नवादा में हुड़दंगियों पर रहेगी विशेष नजर
डीएम आशुतोष वर्मा ने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास करें तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस द्वारा चौक-चौराहा और पूजा पंडाल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखा गया है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सभी पूजा पंडालों, प्रमुख सड़क और चौक-चौराहों को सीसीटीवी से लैस किया गया है। पुलिस पदाधिकारी की टीम शहर में एंट्री वाले सभी प्वाइंट पर तैनात रहेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन तैयार है।

तीसरी आंख का रहेगा पहरा
दुर्गा पूजा त्योहार सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु समाहरणालय स्तिथ डीआरडीए सभागार में डीएम-एसपी ने दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कई आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि मेले के दौरान पुलिस को 24 घंटे गश्त करने और संदिग्धों पर नजर रखने के निर्देश दिया गया है। खासकर भीड़-भाड़ वाले इलाके में पुलिस अलर्ट रहेगी। शांतिपूर्ण ढंग से पर्व को सम्पन्न कराना है और मानक संचालन का अनुपालन कराना है। सजग और सतर्क रहकर दुर्गा पूजा को संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएंगे।
भीड़ पर नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संधारण करने के लिए 5 से अधिक स्थलों पर अस्थायी नियंत्रण कक्ष बनाये गए हैं, जहां 24 घंटे दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है। सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी पुलिस पदाधिकारी एवं जोनल दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की उपस्थिति की जांच करेंगे एवं अनुपस्थित पाए जाने वाले दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों पर सख्ती बरतेंगे और अग्रेतर कार्रवाई हेतु जिला गोपनीय शाखा को सुनिश्चित करेंगे।

दशहरा पर्व के दौरान प्रमुख स्थानों पर ड्रोन कैमरा से निगरानी की जाएगी। जुलूस और रावणवध की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। एसपी अभिनव धीमान ने कहा कि जिला में दुर्गा पूजा और दशहरा का त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न करने के लिए नवादा पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
कार्यपालक अभियंता, विद्युत को निर्देश दिया गया कि विद्युत कर्मी को प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे एवं दुर्गा पूजा अवधि के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति करना सुनिश्चित करेंगे। कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को निर्देश दिया गया है कि कि पानी के टैंकरों की समुचित व्यवस्था करेंगे ताकि मेले में आए श्रद्धालुओं को पेयजल की समस्या न हो। जिला अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि अग्नि से सुरक्षा एवं बचाव हेतु आवश्यक उपाय करना सुनिश्चित करेंगे एवं अग्निशमन वाहन को हाई अलर्ट मोड में रखेंगे।
सिविल सर्जन, नवादा को जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी एम्बुलेंसों में जीवन रक्षक दवाओं के साथ-साथ डॉक्टरों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे एवं सभी एम्बुलेंसों को हाई अलर्ट मोड में रखेंगे। मूर्ति विसर्जन स्थल पर गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

जिले में 236 स्थलों पर पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है। सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी एवं वीडियोग्राफी आयोजकों को लगाने का निर्देश दिया गया है। डीजे पर पूर्व की भांति पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भीड़ को नियंत्रण करते हुए शांतिपूर्ण ढ़ंग से पूजा सम्पन्न कराना सुनिश्चित करेंगे। पूजा समितियों को लाइसेंस की सभी शर्तों का अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया है। सभी पूजा समिति के सदस्य अपना पहचान-पत्र अवश्य रखेंगे और पंडाल में ही लाइसेंस रखना सुनिश्चित करेंगे। शर्तों के उल्लंघन करने पर तत्काल विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
अनियंत्रित रूप से बाइक चलाने वाले पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। सभी चौक-चौराहे पर ब्रेथ एनेलाइजर की उपलब्धता उत्पाद अधीक्षक को दिया गया। विधि-व्यवस्था संधारण करने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। भीड़ वाले स्थलों पर सादे लिबास में पुलिस बल मुस्तैद रहेंगे।
जिला नियंत्रण कक्ष दुर्गा पूजा त्योहार सम्पन्न होने तक 24 घंटे कार्यरत रहेगा, जिसका दूरभाष संख्या 06324-212261 है। अनुमंडल नियंत्रण कक्ष, थाना नियंत्रण कक्ष एवं अस्थायी नियंत्रण कक्ष 05 स्थलों पर बनायी गयी है।
पुलिस नियंत्रण कक्ष, नवादा - 06324-212263
अनुमंडल नियंत्रण कक्ष नवादा सदर - 06324-212238/6287891486
अनुमंडल नियंत्रण कक्ष रजौली - 9431870496
स्वास्थ्य विभाग नियंत्रण कक्ष नवादा - 06324-217472/217579
स्वास्थ्य विभाग नियंत्रण कक्ष रजौली - 7903777730
अग्निशाम नियंत्रण कक्ष नवादा - 06324-212586
विद्युत प्रमंडल नवादा नियंत्रण कक्ष - 7033095811
विद्युत प्रमंडल रजौली नियंत्रण कक्ष - 7369001361
मद्य निषेध नियंत्रण कक्ष नवादा - 8544424181

