सिमडेगा में जवान की मौत : अपने ही रिवॉल्वर से गोली लगने पर राजू तिर्की की मौत,पुलिस विभाग में शोक
सिमडेगा:जिले के महाबुआंग थाना में ड्यूटी के दौरान पुलिस जवान राजू तिर्की को अपने ही रिवॉल्वर से गोली लग गई. गंभीर हालत में उन्हें सिमडेगा सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है.
पुलिसजवान की मौत की सूचना मिलते ही सिमडेगा एसपी श्रीकांत एस खोटरे, डीएसपी रणवीर सिंह, सार्जेंट मेजर, विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा सदर अस्पताल पहुंचे.एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने कहा कि इस घटना पर टीम द्वारा जांच की जाएगी.
वहीं, विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि बेहद दुखद और पीड़ादायक घटना हुई है. पुलिस जवान दिन-रात अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समाज की सुरक्षा में लगे रहते हैं. विधायक ने कहा कि ऐसे कर्मठ जवान का असमय निधन पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.
मौके पर महिला जिला अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य पाकरटांड़ जोसिमा खाखा सहित कांग्रेस पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.





