Hindi News / CM नीतीश कुमार 114 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का करेंगे शिलान्यास..

पौड़ी,हरिद्वार से भी सुंदर बनेगा सिमरिया घाट : CM नीतीश कुमार 114 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का करेंगे शिलान्यास..

Edited By:  |
 Simaria Ghat will be more beautiful tha nPauri, Haridwar, Nitish will lay the foundation stone  Simaria Ghat will be more beautiful tha nPauri, Haridwar, Nitish will lay the foundation stone

DESK:- हिन्दू धर्मावलंबियों के लिए आस्था का केन्द्र मानी जाने वाली सिमरिया गंगा घाट को बिहार सरकार उत्तराखंड की पौड़ी हरिद्वार से भी सुन्दर बनाना चाहती है और इसके लिए प्रयास शुरू कर दिया गया है.पर्यटन विभाग के साथ ही राज्य की जल संसाधन विभाग भी इस काम के लिए आग आयी है.

मिली जानकारी के अऩुसार मिथिला सहित पूरे बिहार के लोगों की आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में प्रसिद्ध पावन सिमरिया धाम के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 30 मई की संध्या में शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है.इस में सीएम नीतीश कुमार विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास करेंगे.कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री संजय झा समेत कई अन्य मंत्री और विधायक मौजूद रहेंगे.

इस शिलान्यस समारोह से पहले जल संसाधन मंत्री संजय झा ने कहा कि बेगूसराय जिले में स्थित सिमरिया धाम में उत्तरवाहिनी गंगा होने के कारण इसका धार्मिक महत्व काफी अधिक है। हर साल कार्तिक मास में यहां कल्पवास मेले की परंपरा सदियों से चली आ रही है। सिमरिया कल्पवास मेले को एक दशक से अधिक से राजकीय मेला का दर्जा प्राप्त है। यहां वर्ष 2011 में अर्ध कुंभ और 2017 में महाकुंभ का भी आयोजन हो चुका है। इसके अलावा स्नान, मुंडन और धार्मिक अनुष्ठान के लिए सालोभर काफी श्रद्धालु और साधु-संत सिमरिया आते रहते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवंबर 2022 में सिमरिया धाम में लगे कल्पवास मेले में भ्रमण कर श्रद्धालुओं तथा साधु-संतों का फीडबैक लिया था और संपूर्ण कल्पवास क्षेत्र के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए जल संसाधन विभाग द्वारा तैयार 'कॉन्सेप्ट प्लान' की समीक्षा कर विस्तृत योजना (DPR) बनाने के निर्देश दिये थे। जल संसाधन विभाग द्वारा तैयार 114.97 करोड़ रुपये की विस्तृत योजना को 22 मार्च 2023 को राज्य कैबिनेट से मंजूरी मिल गई। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इसका शिलान्यास होने जा रहा है। इन सभी कार्यों को शिलान्यास के उपरांत 18 महीने में पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है।

बतातें चलें कि सिमरिया घाट में गंगा नदी पर बना राजेन्द्र सेतू पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला पहला रेल सह सड़क पुल है.इस पुल से इतर एक रेल पुल और एक सिक्स लेन सड़क पुल का निर्माण केन्द्र सरकार करवा रही है.जल संसाधन विभाग ने सिमरिया में राजेंद्र सेतु और निर्माणाधीन सिक्स-लेन पुल के बीच में गंगा नदी के बायें तट पर आवश्यकतानुसार उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण और शीट पाइलिंग कराते हुए करीब 550 मीटर लंबाई में सीढ़ी घाट के निर्माण के साथ-साथ में संपूर्ण कल्पवास क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न सुविधाओं का निर्माण कराने की योजना बनाई है

इस योजना के तहत रीवर फ्रंट का विकास, स्नान घाट के पास चेंजिंग रूम का निर्माण, स्नान घाट के समानांतर सुरक्षा व्यवस्था, गंगा आरती के लिए विनिर्दिष्ट स्थल का निर्माण, धार्मिक अनुष्ठान के लिए मंडप का निर्माण, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था एवं लैंडस्केपिंग, शौचालय परिसर, धर्मशाला परिसर, शेडेड कैनोपी, वाच टावर, पाथ-वे एवं प्रकाशीय व्यवस्था इत्यादि का निर्माण शामिल है। इसके अलावा निर्माणाधीन सिक्स-लेन सेतु से दक्षिण में स्थित मुक्तिधाम, जहां दूर-दूर से लोग शवदाह के लिए पहुंचते हैं, को भी बेहतर बनाया जाएगा।

मंत्री संजय झा ने कहा कि हमलोगों का प्रयास है कि सिमरिया धाम को हर की पौड़ी (हरिद्वार) से भी सुंदर बनाया जाये। यह स्थल रेल एवं सड़क मार्ग से जुड़ा है।इसके साथ ही, सिमरिया राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' जी की जन्मस्थली के रूप में भी विख्यात है। मुझे विश्वास है कि सुविधाओं का विकास होने पर सिमरिया धार्मिक पर्यटन का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। यहां मिथिला ही नहीं, बिहार और बिहार के बाहर से भी यहां अधिक संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे और उन्हें यहां पहुंचकर सुखद अनुभूति होगी। यहां पर्यटन का विकास होने पर आसपास के इलाके में होटल और परिवहन सहित कई तरह के कारोबार एवं रोजगार के अवसर पैदा होंगे। कुल मिलाकर यह योजना मिथिला सहित संपूर्ण बिहार के लोगों के लिए एक बड़ा तोहफा साबित होगी।