शादी समारोह में बड़ा हादसा : जहानाबाद के धर्मपुर गांव में गैस लीक होने पर पूरे घर में लगी आग, 6 लोग बुरी तरह झुलसे
जहानाबाद:जिले केकाको थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक शादी समारोह के दौरान रसोई गैस लीक होने पर पूरे घर में आग लग गई. इस अगलगी की घटना में 6 लोग झुलस गए है. सभी घायलों को आस पास के लोगों ने आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया है. जहां जख्मी सभी लोगों का इलाज जारी है. जिनमें से दो महिलाओं की हालत है नाजुक बनी हुई है. यह घटना धर्मपुर गांव में हुई है.
जानकारी के अनुसार, धर्मपुर गांव निवासी अशोक कुमार की शादी थी. इस अवसर पर घर में परिवार और रिश्तेदारों का जमावड़ा लगा हुआ था और घर में खुशी का माहौल था. लोग शादी की तैयारियों में व्यस्त थे. इसी दौरान खाना बनाने के क्रम में रसोई गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी.
आग की चपेट में आने से वहां मौजूद ममता, पूजा, अंकिता, पिंटू समेत 6 लोग बुरी तरह झुलस कर गंभीर रूप से जख्मी हो गये. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया.





