PATNA :बीजेपी के यदुवंशी सम्मेलन के बाद बिहार का सियासी पारा हाई हो गया है। लालू प्रसाद की पार्टी आरजेडी की तरफ से अब भारतीय जनता पार्टी और उसके नेताओं के ऊपर ताबड़तोड़ हमले शुरू हो गये हैं। लालू प्रसाद के बाद अब आरजेडी विधायक भाई वीरेन्द्र ने तीखा हमला किया है और केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय को खुली चुनौती दी है।


भाई वीरेन्द्र की नित्यानंद राय को खुली चुनौती

आरजेडी विधायक भाई वीरेन्द्र ने बीजेपी सांसद और केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय को खुली चुनौती दी है और कहा है कि उन्हें कोई यादव समाज का नेता नहीं मानता है। अगर उनमें हिम्मत है तो लालू परिवार को तो छोड़िए, वे मेरे खिलाफ मनेर विधानसभा से चुनाव लड़कर दिखा दें।


RJD MLA भाई वीरेन्द्र की नित्यानंद राय को खुली चुनौती, कहा : है हिम्मत तो....

"यदुवंशी सम्मेलन में आए भाड़े के लोग"

इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला किया और कहा कि बीजेपी वालों ने देश को लूटा है। वे आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद की सक्रियता से घबराए हुए हैं। बीजेपी के यदुवंशी सम्मेलन में लोगों को भाड़े पर बुलाया गया था।

गौरतलब है कि मंगलवार को गोवर्धन पूजा के मौके पर बिहार बीजेपी ने बड़ा यादव सम्मेलन कर सूबे की सियासत में खलबली मचा दी है। इस सम्मेलन के जरिए बीजेपी ने बड़ा दावा किया है कि 21 हजार से अधिक यादवों ने भाजपा ज्वाइन किया है। पार्टी की सदस्यता लेने के बाद सभी ने एकसाथ गोवर्धन पूजा की।


RJD MLA भाई वीरेन्द्र की नित्यानंद राय को खुली चुनौती, कहा : है हिम्मत तो....

लालू के वोटबैंक में बड़ी सेंधमारी!

राजधानी पटना के बापू सभागार में आयोजित हुए इस सम्मेलन में बीजेपी के सभी नेताओं ने जय श्रीराम की जगह जय श्रीकृष्ण का नारा बुलंद किया और लालू प्रसाद के वोटबैंक में सेंधमारी करते हुए एक नया संदेश देने की कोशिश।

नित्यानंद राय ने सरकार को ललकारा

वहीं, केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने आवाज़ बुलंद करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा में द्रौपदी का चीरहरण हुआ है। विधानसभा में नीतीश कुमार ने महिलाओं के लिए जो शब्द का इस्तेमाल किया है, वह द्रौपदी के चीरहरण जैसा ही था। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी नहीं रोका और दुशासन का साथ दिया।

इसके साथ ही नित्यानंद राय ने प्रदेश सरकार को ललकारते हुए कहा था कि आप प्रदेश में कसाई खाना खुलवाइए। बिहार में जब बीजेपी की सरकार बनेगी तो पहला फैसला गोहत्या पर बैन लगाना होगा। इसके साथ ही उन्होंने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद पर भी सीधा निशाना साधा और कहा कि लालू प्रसाद ने यदुवंशियों को भय का प्रतीक बनाने का काम किया है। जब आप जेल गये तो फिर क्यों अपनी पत्नी राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बनाया। क्यों नहीं यादव जाति के किसी नेता को मुख्यमंत्री बनाया। आप हुकूमदेव नारायण यादव को मुख्यमंत्री बना देते या फिर किसी और यादव को सीएम बना देते।