Hindi News / 19 जुलाई को लेक एवेन्यू से निकलेगी रथ,तैयारी जोरों पर

रांची में पहली बार इस्कॉन निकालेगा रथ यात्रा : 19 जुलाई को लेक एवेन्यू से निकलेगी रथ,तैयारी जोरों पर

Edited By:  |
ranchi mein pehli baar iscon nikalega rath yatra ranchi mein pehli baar iscon nikalega rath yatra

रांची:राजधानी रांची में इस्कॉन (इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस) की ओर से पहली बार भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह रथ यात्रा 19 जुलाई को सुबह 10:30 बजे कांके रोड स्थित इस्कॉन मंदिर से जुड़े लेक एवेन्यू परिसर से शुरू होकर वसंत विहार कॉलोनी तक निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर पिछले दो महीनों से तैयारियां चल रही हैं, जो अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। रथ यात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए विशेष रथ का निर्माण हैदराबाद में कराया गया है। रथ को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगे वस्त्रों से सजाया जाएगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, महाप्रसाद वितरण और भगवान जगन्नाथ के रथ पर पुष्पवर्षा का आयोजन किया जाएगा। वहीं इस्कॉन मंदिर परिसर को भी रंगोलियों और फूलों से विशेष रूप से सजाया जा रहा है।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ समेत कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

रांचीइस्कॉन के प्रबंधक मधुसूदन मुकुंद दास ने बताया कि रथ यात्रा की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद ने करीब 60 वर्ष पहले अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से रथ यात्रा की शुरुआत की थी। आज इस्कॉन की ओर से दुनिया के 150 से अधिक देशों में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली जाती है। इस भव्य रथ यात्रा महोत्सव में केंद्रीय राज्य रक्षा मंत्री संजय सेठ, कांके विधायक सुरेश बैठा, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो और रांची के उपमहापौर नीरज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा लेक एवेन्यू सोसाइटी के सचिव मुकेश काबरा, अध्यक्ष विकास सिंह, वसंत विहार के सचिव राजेश अग्रवाल सहित शहर के कई उद्योगपति, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे आयोजकों ने रांचीवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने और इस धार्मिक उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।