डोरंडा के छप्पन सेठ कुम्हारटोली से शुक्रवार शाम हुआ था लापता,शनिवार सुबहNDRFकी टीम ने सर्च अभियान के दौरान बरामद किया शव,इलाके में पसरा मातम
रांची:राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। छप्पन सेठ कुम्हारटोली से शुक्रवार शाम लापता हुए ढाई साल के मासूम बच्चे अरनव का शव शनिवार सुबह घर के पास स्थित नदी से बरामद किया गया। बच्चे की तलाश मेंNDRF की टीम सर्च अभियान चला रही थी। मासूम का शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है।
शुक्रवार शाम अचानक लापता हो गया था मासूम
जानकारी के अनुसार, डोरंडा के छप्पन सेठ कुम्हारटोली निवासी ढाई साल का अरनव शुक्रवार शाम अचानक लापता हो गया था। काफी देर तक बच्चे का पता नहीं चलने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। हालांकि, काफी खोजबीन के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई और बच्चे की तलाश के लिएNDRF की टीम को लगाया गया।
घर से500मीटर दूर नदी किनारे मिला शव
शनिवार सुबहNDRF की टीम ने सर्च अभियान के दौरान घर से करीब500 मीटर आगे नदी किनारे से मासूम अरनव का शव बरामद किया। शव मिलने की सूचना मिलते ही डोरंडा थाना की पुलिस और हटिया डीएसपी मौके पर पहुंचे।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हत्या या हादसा,हर पहलू से जांच
फिलहाल मासूम की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हादसा, हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही बच्चे की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। पुलिस घटनास्थल और आसपास के हालात की भी जांच कर रही है।
मासूम की मौत से इलाके में मातम
ढाई साल के मासूम अरनव की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद छप्पन सेठ कुम्हारटोली में शोक का माहौल है। हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मासूम की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
रांची से नैयर की रिपोर्ट

