रामगढ़ : चुटूपालू घाटी में कोयला लदा ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त,जेसीबी व क्रेन से हुआ रास्ता साफ
रामगढ़:जिले के चुटूपालू घाटी में एक कोयला लदा ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.हादसे के बाद सड़क पर कोयला और एल्वेस्टस शीट बिखर गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा.जानकारी के अनुसार, ट्रेलर (CG 04 NJ 5895) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से कोयला लेकर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया रघुनाथपुर की ओर जा रहा था. घाटी के मोड़ पर अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.घटना स्थल पर बिखरे एल्वेस्टस शीट से जुड़े वाहन का नंबर RJ 05 GB 4882 बताया जा रहा है.

ड्राइवर ने बताई पूरी घटना
ड्राइवर राम प्रवेश यादव ने बताया कि हम लोग बिलासपुर से कोयला लेकर जा रहे थे. घाटी क्षेत्र में पहले से एक दुर्घटना हुई थी, जिसमें एल्वेस्टस शीट लदा वाहन दुर्घटनाग्रस्त था. इसी कारण वन-वे किया गया था और उसी से वाहनों का आवागमन हो रहा था. जब हम वन-वे में आ रहे थे, उसी दौरान ब्रेक फेल हो गया, जिससे आगे चल रहे वाहन से टक्कर हो गई. हालांकि अगला वाहन वहां से निकल गया. इस घटना में किसी के जान-माल की कोई क्षति नहीं हुई है, मुझे हल्की-फुल्की चोट आई है, बाकी सब ठीक है.
कोई जनहानि नहीं,यातायात रहा प्रभावित
गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है. हालांकि सड़क पर सामान बिखर जाने के कारण कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही.
जेसीबी और क्रेन की मदद से हटाया गया मलबा
मौके पर जेसीबी की मदद से सड़क पर बिखरे एल्वेस्टस शीट को किनारे किया गया, वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से सड़क से हटाकर साइड किया गया, ताकि रास्ता जल्द सामान्य हो सके.
पुलिस-प्रशासन मौके पर मौजूद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और यातायात को धीरे-धीरे सामान्य करने का प्रयास जारी है.





