Weather Alert : बिहार के इन 5 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, हो जाएं सावधान


PATNA : बिहार के लिए मौसम विभाग ने एकबार फिर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की माने तो राजधानी और आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही बने होने के साथ गरज-तड़क के साथ कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा की संभावना है। पूर्वी और पश्चिम चंपारण गोपालगंज, सीवान, सारण में हल्की वर्षा के साथ मेघ-गर्जन और वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। पांच दिनों के दौरान तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग का अलर्ट
राजधानी समेत प्रदेश में बीते तीन-चार दिनों के दौरान अत्यधिक वर्षा होने से मौसम सामान्य बना रहा। प्रदेश के ऊपर धनुषाकार ट्रफ लाइन और चक्रवातीय परिसंचरण के कारण वर्षा में तेजी आई थी। हालांकि, अब मानसून की विदाई का समय आ गया है।
1 जून से 30 सितंबर तक मानसून का समय माना जाता है। प्रदेश में अभी मानसून की वापसी में समय लगेगा। इस कारण कहीं पर हल्की तो कहीं पर बूंदाबांदी की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पटना सहित प्रदेश में बादलों की आवाजाही बने होने के कारण कुछ स्थानों पर गरज-तड़क के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा के आसार हैं। पूर्वी व पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण में हल्की वर्षा और मेघ-गर्जन के साथ वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।