Hindi News / पलामू में बस और ट्रक में टक्कर होने से ट्रक ड्राइवर की मौत,...

रफ्तार का कहर : पलामू में बस और ट्रक में टक्कर होने से ट्रक ड्राइवर की मौत, 1 दर्जन लोग घायल

Edited By:  |
rafataar ka kahar rafataar ka kahar

पलामू : बड़ी खबर पलामू से है जहां जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के कसियाडीह में नेशनल हाइवे 75 पर बस और ट्रक में टक्कर होने से ट्रक चालक की मौत हो गई. वहीं हादसे में 12 लोग घायल हो गये. दुर्घटना में बस चालक और एक यात्री की हालत गंभीर है. घटना के बाद घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बताया जा रहा है कि सतबरवा थाना क्षेत्र के कसियाडीह में एनएच 75 पर शुक्रवार को कोहरे व अत्यधिक ठंड के कारण बस और ट्रक में भीषण टक्कर हो गया. हादसे में उत्तर प्रदेश के रहने वाले ट्रक ड्राइवर पुष्पेंद्र कुमार की मौत हो गई. वहीं इस दुर्घटना में 12 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. बस ड्राइवर शशि पांडेय एवं एक यात्री की हालत काफी गंभीर है. दुर्घटना के बाद यात्री बस का ड्राइवर काफी देर तक फंसा था. वहीं सभी जख्मी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

आपको बता दें कि शुक्रवार को पलामू में अत्यधिक ठंड पड़ रही है और धुंध भी काफी अधिक है. धुंध के कारण यह हादसा हुआ है. सतबरवा के थाना प्रभारी अंचित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी जख्मी को इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है.पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई रही है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. थाना प्रभारी ने बताया कि गंभीर रूप से जख्मी लोगों को इलाज के लिए बाहर भेजने की तैयारी की जा रही है. जख्मी सभी यात्री पलामू के रहने वाले हैं और वे रांची जा रहे थे. एक यात्री का पैर कट के पूरी तरह से अलग हो गया है. पलामू से बड़ी संख्या में प्रतिदिन अहले सुबह बस रांची जाती है. जिस इलाके में यह दुर्घटना हुई है वहां तीखा मोड़ है और विजिबिलिटी काफी कम थी.

पलामू से नितेश तिवारी की रिपोर्ट--