PATNA : बिहार विधानसभा और विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा दिए गये बयान पर सियासत लगातार गरमाती जा रही है। बीजेपी ने इसे मुद्दा बना लिया है और सरकार को घेर रही है। हालांकि, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा है कि इस मामले को अधिक तूल देने की जरूरत नहीं है।
राबड़ी देवी का बड़ा बयान
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि गलती से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुंह से इसतरह का बयान निकल गया, जिसके बाद आज सीएम ने सदन में अपनी बातों को रखा है लिहाजा इस मामले को अधिक तूल देने की जरूरत नहीं है।
विपक्ष ने मांगा इस्तीफा
वहीं, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से इस्तीफे की मांग की है और कहा कि दोनों को इस्तीफा देना चाहिए। जबतक वे इस्तीफा नहीं देते हैं, तबतक हमलोग लगातार विरोध करते रहेंगे।
'CM नीतीश की माफी मांगने की रही है फितरत'
इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मेडिकल जांच हो। ये सदन में बैठने योग्य नहीं हैं। उनकी सदन में माफी मांगने की फितरत रही है। पहले उन्होंने बिहार विधानसभा में आपत्तिजनक बयान दिया और फिर विधान परिषद में भी जाकर बातों को दोहराया।
इसके साथ ही डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री को पूरा बिहार पहचानता है, बिहार को सेक्स ज्ञान नहीं चाहिए।

