पूर्णिया में बिहार दिवस पर कार्यक्रम : कृषि मेला में मंत्री लेसी सिंह ने उत्कृष्ट किसानों को किया सम्मानित
पूर्णिया: जिले के प्रेक्षागृह में रविवार को बिहार दिवस के मौके पर कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए. कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार की खाद्य व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह ने किया. इस मौके पर मंत्री लेसी सिंह, सदर विधायक विजय खेमका और जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने केक काटकर और दीप प्रज्वलित कर बिहार दिवस कार्यक्रम का हर्षोल्लास के साथ शुभारंभ किया.
इस दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, कलाकारों, चित्रकारों और अन्य क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया. वही, बिहार दिवस के मौके पर कृषि विभाग द्वारा कृषि मेला सह प्रदर्शनी भी लगाई गई थी. जिसमें कई उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित भी किया गया.
इस मौके पर जनता को संबोधित करते हुए मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि बिहार का गौरवमयी इतिहास रहा है. इसको जन-जन तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार दिवस का आयोजन किया है, ताकि लोगों को बिहार की गौरव गाथा के बारे में जानकारी मिल सके.





