GAYA :गया के प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर के प्रांगण में स्थानीय लोगों द्वारा चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग को लेकर विशेष पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के कई लोग शामिल हुए। सभी लोगों ने पूरे भक्तिभाव से भगवान भोलेनाथ की पूजा की और हवन भी किया।



विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन

इस मौके पर बीजेपी नेता मनीष पंकज ने कहा कि आज देर शाम चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर लैंडिंग होनी है। यह लैंडिंग सफलतापूर्वक हो, इसको लेकर हमलोगों ने विशेष पूजा-हवन किया है। साथ ही भगवान भोलेनाथ से यह आशीर्वाद मांगा है कि इसकी लैंडिंग सफलतापूर्वक हो। अगर ऐसा होता है तो पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है और देश का व्यापक विकास हो रहा है। आज पूरे विश्व में भारत देश की चर्चा हो रही है।


चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को लेकर पंचमुखी शिव मंदिर में विशेष पूजा, लोगों ने भोलेनाथ से मांगा आशीर्वाद


इस मंदिर में हर मनोकामना होती है पूरी

वहीं, स्थानीय पंडित प्रमोद मिश्र ने कहा कि यह बहुत ही प्रसिद्ध मंदिर है, यहां पूजा करने से लोगों की मनोकामनाएं पूरी होती है। चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग को लेकर विशेष पूजा-अर्चना की गई है। हमें विश्वास है कि भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग होगी। इस मौके पर राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राणा रणजीत सिंह, कुंदन सिंह, हीरा यादव, मुन्ना यादव, अभिषेक कुमार, मंटू सिंह, सुनील बंबइया सहित कई लोग उपस्थित थे।