पांचवें चरण में 14 लोकसभा सीटों पर मतदान आज, 144 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला
न्यूज़ डेस्क : लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण के लिए आज मतदान हो रहा है. पांचवें चरण में कई हाई-प्रोफाइल सीटें हैं जिनमें राजनाथ सिंह समेत सात केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है तो राहुल गांधी और उमर अब्दुल्ला समेत कई दिग्गजों की अग्निपरीक्षा भी है. राहुल गांधी पहली बार रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार की हाजीपुर लोकसभा सीट पर चिराग पासवान की अग्निपरीक्षा है। सारण सीट पर भी मुकाबला दिलचस्प है। इस चरण में आठ राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की 49 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इसके साथ कुल 695 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।

राजनाथ सिंह: उत्तर प्रदेश की लखनऊ लोकसभा सीट से भाजपा की तरफ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चुनाव मैदान में हैं। भाजपा नेता के सामने सपा ने रविदास मेहरोत्रा को अपना उम्मीदवार बनाया है।
राहुल गांधी: उत्तर प्रदेश की जिन सीटों की सबसे ज्यादा चर्चा है, उनमें से एक रायबरेली लोकसभा सीट भी है। ये राज्य की इकलौती सीट है जहां 2019 में कांग्रेस को जीत मिली थी। भाजपा ने यहां दिनेश प्रताप सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। एमएलसी दिनेश प्रताप फिलहाल योगी सरकार में मंत्री हैं।
स्मृति ईरानी: केंद्रीय मंत्री और अमेठी की मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी एक बार फिर भाजपा के टिकट पर यहां से मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस ने नामांकन के आखिरी दिन गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा को उम्मीदवार बनाया। बसपा ने यहां नन्हे सिंह चौहान को अपना उम्मीदवार बनाया है।
राजीव प्रताप रुडी बनाम रोहिणी आचार्य : इस चुनाव में बिहार की कुछ सीटों पर दिलचस्प मुकाबला है, इनमें से एक सारण लोकसभा सीट है। इस सीट पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य किस्मत आजमा रही हैं। रोहिणी ने पहली बार चुनावी राजनीति में कदम रखा है। रोहिणी के सामने भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुडी हैं।

चिराग पासवान: बिहार में हाजीपुर लोकसभा सीट इस चुनाव की चर्चित सीटों में शुमार है। यहां से एनडीए की तरफ से लोजपा (आर) के चिराग पसवान चुनाव मैदान में हैं। राजद ने हाजीपुर सीट पर शिवचंद्र राम को टिकट दिया है। शिवचंद्र विधायक और बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

पीयूष गोयल: मुंबई उत्तर मुंबई की हाई प्रोफाइल सीट है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने इस लोकसभा क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को चुनावी मैदान में उतारा है। गोयल अभी महाराष्ट्र से भाजपा के राज्यसभा सांसद हैं। पीयूष गोयल के सामने कांग्रेस ने भूषण पाटिल को उतारा है।

साध्वी निरंजन ज्योति: उत्तर प्रदेश की फतेहपुर सीट से मोदी सरकार की एक और मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति चुनाव लड़ रही हैं। इस चुनाव में फतेहपुर से सपा ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे नरेश उत्तम पटेल को उम्मीदवार बनाया है। वहीं इस लड़ाई में बसपा ने नर्सिंग होम संचालक डॉ. मनीष सिंह सचान को मैदान में उतारा है।

उमर अब्दुल्ला: कश्मीर की बारामुला सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला चुनाव लड़ रहे हैं जिसके चलते यह सीट खास हो गई है। उमर के सामने महबूबा मुफ्ती की पार्टी पीडीपी से फैयाज अहमद हैं।


इनके अलावा इस लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र की मुंबई उत्तर-मध्य सीट भी सुर्खियों में है। कारण है कि यहां से मशहूर वकील उज्ज्वल निकम चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने 26/11 आतंकी हमले में शामिल रहे अजमल कसाब को फांसी की सजा दिलवाई थी। भाजपा ने दिवंगत भाजपा नेता प्रमोद महाजन की बेटी और दो बार की सांसद पूनम महाजन का टिकट काटकर निकम को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं, पांचवें चरण में जिन केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत दांव पर है उनमें कौशल किशोर भी शामिल हैं। कौशल किशोर उत्तर प्रदेश की मोहनलालगंज सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं। वहीं, सपा से आरके चौधरी और बसपा से राजेश कुमार उतरे हैं।
न्यूज़ डेस्क, रांची

