NEW DELHI : पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ़ पप्पू यादव ने शुक्रवार को दिल्ली में नितिन गडकरी, सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री, भारत सरकार से मुलाकात की और अपने संसदीय क्षेत्र पूर्णिया (बिहार) में राष्ट्रीय राजमार्ग की संख्यावार कार्य को यथाशीघ्र पूर्ण कराने का आग्रह किया. इस दौरान पप्पू यादव ने उन्हें एक पत्र सौंप कर इसकी जानकारी दी.

नितिन गडकरी से मिले पप्पू यादव

उक्त पत्र के माध्यम से पप्पू यादव ने केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी को परसरमा से पूर्णिया वाया लोकहा, तरावे , सिंहेश्वर , रानीपट्टी , खुर्दा , चकमका , कोहवारा , कृत्यानंद नगर , राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 107 (ये स्वीकृत योजना है ) के लिए राशि उपलब्ध करवाकर काम चालू किए जाने का आग्रह किया. इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग 31 के स्थान कुरसेला से पोठिया, फालका, मीरगंज, सरसी, रानीगंज, फारबिसगंज में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 57 तक जानेवाली स्टेट हाइवे को राष्ट्रीय राजमार्ग में परिवर्तित किए जाने की आवश्यकता बताई.

केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले पप्पू यादव, पूर्णिया के विकास के लिए कर दी बड़ी मांग, जानिए क्या है खास

सांसद ने केन्द्रीय मंत्री से राष्ट्रीय राजमार्ग 31 के स्थान नवगछिया से मोहनपुर , रूपौली, भवानीपुर, धमदाहा से बड़हरा से जानकीनगर होते हुए भरगामा से नरपतगंज होकर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 57 तक जानेवाली पथ को राष्ट्रीय राजमार्ग में परिवर्तित किए जाने की अपील की. राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 107 का काम अभी भी अधूरा है, जिसे पूरा करने हेतु समुचित राशि उपलब्ध किए जाने की आवश्यकता है और राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 106 के स्थान उदाकिशुनगंज से बिहारीगंज, मुरलीगंज, खुर्दा, रामनगर होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 57 प्रतापगंज तक जाती है, इस पथ को राष्ट्रीय राजमार्ग में परिवर्तित किए जाने की आवश्यकता है .

पप्पू यादव ने कहा कि "पूर्णिया के विकास के लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग परियोजनाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं. मैं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने हमारी मांगों को ध्यान से सुना और सकारात्मक प्रतिक्रिया दी. उन्होंने हमारे आग्रह को ध्यान से सुना और इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया."

उन्होंने पूर्णिया में सड़क और राजमार्ग परियोजनाओं की स्थिति पर चर्चा की और इन परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने की आवश्यकता पर जोर दिया. इसके अलावा उन्होंने पूर्णिया के विभिन्न क्षेत्रों में नई सड़क परियोजनाओं की मांग की, जो कि कोसी–सीमांचल के विकास और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में सहायक होंगी.