Bihar News : मारा गया कुख्यात जटहा सिंह, गैंगवार में मारे जाने की आशंका, बधार में मिला शव, इलाके में मची सनसनी

Edited By:  |
Reported By:
 Notorious Jatha Singh killed in gang war  Notorious Jatha Singh killed in gang war

PATNA :बिहार के बड़े अपराधियों में शुमार शत्रुघ्न कुमार उर्फ जटहा सिंह का मर्डर हो गया है। अपराधियों ने कुख्यात जटहा सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी है और शव को बधार में फेंक दिया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। कहा जा रहा है कि गैंगवार में कुख्यात जटहा सिंह की हत्या हुई है।

जटहा सिंह की गोली मारकर हत्या

पटना जिले के कुख्यात जटहा सिंह की नौबतपुर थाना क्षेत्र के चेसी गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची है और घटनास्थल से एक एसयूवी कार भी बरामद किया है।

जंगल में आग की तरह फैली खबर

घटना की जानकारी सुबह ग्रामीणों को तब हुई, जब वे शौच के लिए गोदाम की तरफ गए। जटहा के मारे जाने की खबर जंगल में लगी आग की तरह इलाके में फैल गई। परिजनों को भी इसकी जानकारी मिली। घटना की जानकारी मिलने गोदाम के पास पहुंचे परिजन उसके शव को उठाकर घर ले गए।

दहशत का दूसरा नाम था जटहा सिंह

गौरतलब है कि जटहा सिंह के नाम से व्यापारी थर-थर कांपते थे। पटना जिले में उसके नाम का दहशत था। उसपर कई आपराधिक मामले दर्ज थे। फिलहाल हत्या के पीछे के कारण अबतक स्पष्ट नहीं हो सके हैं। नौबतपुर के साथ बिहटा-बिक्रम और पालीगंज में शेखपुरा गांव का शत्रुघ्न सिंह और उर्फ जटा उर्फ जटहा खौफ का दूसरा नाम था।

दोनाली पिस्टल का नाम सुनते ही पसर जाता था खौफ

हाल ये था कि उसका नाम सुनते ही कारोबारी कांपने लगते थे। इतना ही नहीं, उसने एक बार छापा मारने गए डीएसपी और उनकी टीम तक पर हमला बोल दिया था। इस हमले में पुलिस के जवान बाल-बाल बच गए थे लेकिन शनिवार को जटहा गोलियों का शिकार बन गया। एक बार जटहा के पास से पुलिस ने अनोखी तरह की दोनाली पिस्टल बरामद की थी। कहा जाता है कि जटहा की दोनाली पिस्टल का नाम सुनते ही कारोबारियों में खौफ पसर जाता था।


Copy