PATNA :कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव में जेडीयू के मनोज कुशवाहा महागठबंधन के उम्मीदवार बनाए गये हैं। महागठबंधन के नेताओं ने संयुक्त रुप से प्रेस कॉफ्रेंस कर इसका एलान कर दिया है। नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आग्रह पर आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने ये फैसला लिया है। जेडीयू ने इसके लिए लालू यादव और तेजस्वी यादव को धन्यवाद दिया है।

महागठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉफ्रेंस में आरजेडी की ओर से सीनियर लीडर अब्दुल बारी सिद्दीकी तो जेडीयू की तरफ से उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और कांग्रेस की तरफ से प्रदेश अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा समेत अन्य दलों के नेता मौजूद थे। आरजेडी नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आग्रह पर हमारे दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने जेडीयू को ये सीट दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे पहले ये सीट हमारे खाते में थी । लेकिन हम गटबंधन धर्म का पालन करते हैं। गठबंधन में कोई भी फैसला आपसी सहमति के आधार पर लिया जाता है। सिद्दीकी ने कहा कि हम अपने विरोधियों को ये संदेश देना चाहते हैं कि जो लोग कंफ्यूजन पैदा कर रहे हैं वे कोई मुगालता न पाले। जरुरत के मुताबिक हम एक दूसरे के लिए त्याग करने को तैयार हैं।

वहीं जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने जेडीयू की तरफ से मनोज कुशवाहा की उम्मीदवारी का एलान करते हुए कहा कि इसके लिए हम आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के शुक्रगुजार हैं। उन्होंने कहा कि RJD ने हमे ये सीट देकर एक नयी मिसाल पेश की है। वहीं उन्होंने जीत का दावा करते हुए कहा कि कुढ़नी में बीजेपी बौरो प्लेयर हैं। वह मैच के ग्यारह खिलाड़ियों में शामिल ही नहीं हैं बल्कि वे 12वें खिलाड़ी हैं। वहीं चिराग पासवान की एलजेपी (रामविलास) के उम्मीदवार के उतारे जाने की बात की चर्चा पर उन्होंने कहा कि वे तो पहले से ही बीजेपी के बौरो प्लेयर हैं।

पटना से मरगूब आलम की रिपोर्ट ...