Hindi News / नक्सल उन्मूलन अभियान की देशभर में सराहना

बिहार पुलिस को राष्ट्रीय सम्मान : नक्सल उन्मूलन अभियान की देशभर में सराहना

Edited By:  |
National honour for Bihar Police National honour for Bihar Police

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार पुलिस को नक्सल उन्मूलन अभियान में बेहतर प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा। यह सम्मान छत्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित उजर बस्तर कार्यक्रम के दौरान दिया गया।बिहार पुलिस के डीजीपी विनय कुमार समेत कई अधिकारियों और जवानों को उनके साहस, रणनीति और सफल अभियानों के लिए सम्मानित किया गया। खास तौर पर झारखंड सीमा से सटे इलाकों में चलाए गए एंटी नक्सल ऑपरेशन को बड़ी सफलता माना गया है।

बिहार STF और एंटी नक्सल यूनिट द्वारा लगातार चलाए गए अभियानों की अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो रही है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि मजबूत खुफिया नेटवर्क, राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल ने नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने में अहम भूमिका निभाई है।बिहार पुलिस ने पिछले कुछ वर्षों में कई बड़े ऑपरेशन को अंजाम देकर नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है। जंगल और सीमावर्ती क्षेत्रों में चलाए गए संयुक्त अभियान, सटीक इंटेलिजेंस इनपुट और त्वरित कार्रवाई ने सुरक्षा बलों को लगातार सफलता दिलाई।

पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे बिहार के कई इलाकों में अब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ा है। विकास कार्यों और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से हालात तेजी से बदले हैं।नक्सलवाद के खिलाफ बिहार पुलिस के मॉडल को अब देशभर में एक प्रभावी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से मिले इस सम्मान को बिहार पुलिस के मनोबल और उपलब्धियों की बड़ी पहचान माना जा रहा है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट