तैयारी तो आरजेडी की इस बार की दिवाली धमाकेदार और शानदार मनाने की थी। तैयारी खेला करने से लेकर सरकार बनाने तक की थी। आरजेडी को जीत की दिवाली मनाने का इतना भरोसा था कि तेजस्वी अपनी हर सभा में खेला करने का बम फोड़ते थे। यहां तक कि उपचुनाव में जीत की दिवाली मनाने के लिए बीमार होने के बावजूद 6 साल बाद लालू को भी चुनाव प्रचार में उतारा गया। लालू ने भी आते ही सरकार बनाने के बयान का बम फोड़ा। लालू जीत की दिवाली मनाने को लेकर इतने आश्वस्त थे कि उन्होने उपचुनाव से पहले ही नीतीश सरकार के विसर्जन का बम फोड़ दिया, जिसके जवाब में नीतीश ने गोली की बोली वाला बम फोड़ा।

फिर लालू ने अपने अंदाज में चुनाव प्रचार के दौरान लागल लागल झुलनिया में धक्का का राग अलाप कर नीतीश को धक्का लगाने वाला बम फोड़ा। यहां तक कि चुनाव से ठीक पहले तेजस्वी ने नीतीश सरकार पर गड़बड़ी की फुलझड़ी भी छोड़ी। लेकिन आरजेडी की सारी तैयारियों को कुशेश्वरस्थान और तारापुर की जनता ने धक्का दे दिया और सारे बम फुस्स हो गए।
नतीजे जब आए तो दोनो सीटों पर आरजेडी को करारी हार मिली। कुशेश्वरस्थान में आरजेडी प्रत्याशी गणेश भारती को जेडीयू प्रत्याशी ने 12,695 वोटों के अंतर से हराया। तो तारापुर में आरजेडी प्रत्याशी अरुण कुमार को जेडीयू प्रत्याशी राजीव सिंह ने 3, 821 वोटों के अंतर से हराया। हार के बाद तेजस्वी जब सामने आए तो हार तो उन्होने स्वीकार की, लेकिन बदलाव वाला बम एक बार फिर फोड़ा।
वहीं आरजेडी में हार के बाद पार्टी के अंदर ही बम पटाखे फूटने लगे। तेजप्रताप ने जगदानंद सिंह समेत तेजस्वी के करीबियों पर ही बम फोड़ा। साफ है इस बार की दिवाली में आरजेडी के सारे बम फुस्स हो गए और अब उसे पार्टी के अंदर फूटने वाले तेजप्रताप के बम पटाखों से बचने की जरूरत है।

