नगरपालिका चुनाव : 23 फरवरी को मतदान,देवघर नगर निगम और मधुपुर नगर परिषद क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
देवघर:नगरपालिका आम चुनाव-2026 के तहत 23 फरवरी को मतदान होना है. इसे लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं. कुमैठा स्टेडियम में बनाए गए डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को उनके संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया.
आज सुबह आठ बजे से डिस्पैच सेंटर पर गतिविधियां तेज है. वरीय पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, सेक्टर दंडाधिकारी, पीठासीन पदाधिकारी, मतदान कर्मी और सुरक्षा बल समय पर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते नजर आए. मतदान सामग्री, बैलेट बॉक्स और अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ पोलिंग पार्टियां क्रमवार अपने-अपने केंद्रों की ओर प्रस्थान करती रहीं.
प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की हैं. देवघर नगर निगम और मधुपुर नगर परिषद क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. पूरी डिस्पैच प्रक्रिया पर अधिकारियों की कड़ी निगरानी है. लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस और मतदान कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिली.





