मुजफ्फरपुर में दंपति ने की आत्महत्या : पारिवारिक विवाद में दी जान,अलग-अलग कमरों से शव बरामद
मुजफ्फरपुर: जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के नरियार गांव में पारिवारिक विवाद के बाद नवविवाहित दंपति ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. दोनों के शव घर के अलग-अलग कमरे से बरामद किए गए है. घटना की सूचना मिलने के बाद मोतीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया. वहीं,एसएफएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए.
तीन महीने पहले हुई थी शादी
मृतकों की पहचान नरियार निवासी अनिल सहनी की 18 वर्षीय बेटी अंजलि कुमारी और शिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के हरसेर गांव निवासी विद्यनंद सहनी के 21 वर्षीय पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई है. दोनों की शादी महज तीन माह पहले हुई थी.
किसी बात को लेकर दोनों के बीच हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार,शादी के बाद अंजलि पहली बार हाल ही में अपने मायके आई थी. शनिवार को उसका पति विजय भी ससुराल पहुंचा था. बताया जा रहा है कि रविवार की शाम किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गाली-गलौज भी हुई थी. इसके बाद अंजलि ने घर में बांस के सहारे साड़ी का फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. पत्नी की मौत के बाद विजय ने पहले कथित तौर पर जहर खाया और फिर फांसी लगाकर जान दे दी.
घटना के बाद परिजन मौके से फरार
घटना के वक्त घर में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था. घटना के बाद परिजन मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर दोनों शवों को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया. एसएफएल टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए.
ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या की आशंका
हालांकि,मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है.उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने दोनों की हत्या की है. वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया दोनों के फांसी लगाने की बात सामने आ रही है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही.





