Hindi News / जलजमाव ने बढ़ाई मुसीबत,घरों में घुसा पानी तो किसानों के चेहरे पर लौटी...

मूसलाधार बारिश से लोहरदगा बेहाल : जलजमाव ने बढ़ाई मुसीबत,घरों में घुसा पानी तो किसानों के चेहरे पर लौटी उम्मीद

Edited By:  |
musladhar barish se lohardaga behal musladhar barish se lohardaga behal

लोहरदगा:जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है. एक ओर जहां शहरी क्षेत्रों में जलजमाव,सड़कें टूटने और आवागमन बाधित होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. वहीं,दूसरी ओर लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है. मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलने और सतर्क रहने की अपील की है.

बारिश के कारणनिचले इलाकों में जलभराव की गंभीर हालत

लगातार हो रही बारिश के कारण लोहरदगा शहर के स्टार कॉलोनी, पतराटोली, न्यू रोड सहित कई निचले इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति हो गई है. कई सड़कों पर पानी इस तरह भर गया है कि वे छोटी नदियां जैसी दिखाई देने लगी. जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लोगों के घरों और दुकानों में घुस गया है. जिससे दैनिक जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है.

घरों में लबालब पानी घुसने से हुई भारी परेशानी

बारिश के कारण दर्जनों परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. घरों में लबालब पानी घुसने से खाद्यान्न,कपड़े,फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य घरेलू सामान खराब हो गए हैं. दुकानों में पानी भर जाने से व्यापारियों को भी नुकसान का सामना करना पड़ा. कई दुकानदारों ने बताया कि अचानक पानी भरने से सामान सुरक्षित स्थान पर ले जाने का समय तक नहीं मिला. लोगों ने नगर प्रशासन से जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की है.

शहर की कई प्रमुख सड़कें हुई जलमग्न

भारी बारिश का असर यातायात व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है. शहर की कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गई हैं,जबकि निर्माणाधीन बाईपास पर कीचड़ और फिसलन के कारण वाहनों की आवाजाही काफी प्रभावित हुई.दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई स्थानों पर वाहन कीचड़ में फंसते देखे गए, जिससे लंबा जाम भी लगा. लोगों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.

येलो अलर्ट के बाद जिला प्रशासन सतर्क

मौसम विभाग द्वारा जारी येलो अलर्ट के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है. विशेष रूप से वज्रपात की संभावना को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को खेतों में काम करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

किसानों के लिए बड़ी राहत

हालांकि,यह बारिश शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है,लेकिन किसानों के लिए राहत की खबर लेकर आई है.जिले में धान की रोपाई का कार्य पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण प्रभावित हो रहा था. अब लगातार वर्षा से खेतों में पर्याप्त पानी जमा होने लगा है, जिससे धान की रोपाई में तेजी आने की उम्मीद है. किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक संतुलित बारिश होती रही तो इस वर्ष अच्छी खेती और बेहतर उत्पादन की संभावना बढ़ जाएगी.