मुंगेर में पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम : सीएम सम्राट चौधरी बोले-शिविरों में विकास कार्यों को दी जाएगी गति
मुंगेर:जिलेके टेटिया बंबर प्रखंड से बिहार के सभी 8,500 पंचायतों में पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम आयोजित की गई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जगन्नाथ उच्च विद्यालय के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की और इस अभियान की शुरुआत की. सीएम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि टेटिया बंबर से पंचायत विकास दिवस का आगाज होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है.
तारापुर के लोगों के अधूरे सपनों को पूरा करना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को राज्य की सभी पंचायतों में पंचायत विकास दिवस के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों में पंचायतों की समस्याओं, विकास योजनाओं और भविष्य के रोडमैप पर चर्चा कर विकास कार्यों को गति दी जाएगी. मुख्यमंत्री ने टेटिया बंबर प्रखंड को पथ निर्माण विभाग की मुख्य सड़क से जोड़ने की घोषणा करते हुए कहा कि इसके लिए पथ निर्माण विभाग के सचिव को निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि तारापुर क्षेत्र के लोगों के अधूरे सपनों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है.
सभी जिला मुख्यालयों को फोरलेन से जोड़ने की दिशा में काम जारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के सभी जिला मुख्यालयों को फोरलेन सड़क से जोड़ने की दिशा में सरकार काम कर रही है. स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि अब अनुमंडल और सदर अस्पतालों में मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर नहीं किया जाएगा. 15 अगस्त के बाद यदि किसी मरीज को बिना उचित कारण रेफर किया गया तो संबंधित डॉक्टर पर कार्रवाई की जाएगी.
बिहार मेंअपराधियों के लिए कोई जगह नहीं-सीएम
वहीं, बिहार में अपराध नियंत्रण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है.





