क्या विशेष गहन पुनरीक्षण—यानी SIR के बाद, आपका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है? यदि हाँ, तो घबराइए मत! भारत निर्वाचन आयोग ने आप सभी पात्र मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने का एक और सुनहरा अवसर दिया है।खासकर उन मतदाताओं के लिए, जिन्हें ASDD—यानी अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरे श्रेणी में चिह्नित किया गया है, निर्धारित प्रक्रिया के तहत दोबारा आवेदन करने की पूरी सुविधा दी जा रही है।

इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री उत्कर्ष गुप्ता ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर आयोग के निर्देशों का समय पर अनुपालन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया है।जी हाँ! ASDD श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं की बूथ-वार सूची को दोबारा सार्वजनिक किया जा रहा है। आप इस सूची को अपने संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, पंचायत भवन, नगर निकाय कार्यालय, प्रखंड विकास पदाधिकारी और पंचायत पदाधिकारी के कार्यालयों में देख सकते हैं। इसके अलावा, यह सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर पठनीय PDF प्रारूप में भी उपलब्ध होगी, जिसमें नाम छूटने के संभावित कारणों का भी उल्लेख किया गया है। संबंधित मतदाता अपने वर्तमान सामान्य निवास क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी यानी ERO या सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) के पास अपना विधिवत भरा हुआ एन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

इसके लिए बूथ लेवल ऑफिसर यानी BLO,राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) के सहयोग से घर-घर जाकर आप तक पहुँचेंगे। जरूरत पड़ने पर पड़ोसियों, परिवार के सदस्यों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन से भी जानकारी ली जाएगी। जिन मतदाताओं का संपर्क विवरण उपलब्ध है, उन्हें व्हाट्सऐप, ई-मेल और एसएमएस के माध्यम से भी फॉर्म भेजे जा रहे हैं। आप निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ECINET ऐप से अपने पुराने EPIC नंबर का इस्तेमाल करके भी एन्यूमरेशन फॉर्म खुद डाउनलोड कर सकते हैं।यदि आपका निवास स्थान नहीं बदला है, तो आपको एन्यूमरेशन फॉर्म के साथ Annexure-B घोषणा पत्र देना होगा, जिसमें पहले फॉर्म न भर पाने का कारण बताना होगा।

  • यदि राज्य के भीतर ही निवास स्थान बदला है, तो आपको फॉर्म-8 भरने की जरूरत नहीं है। आप नए पते के विवरण के साथ एन्यूमरेशन फॉर्म, Annexure-C घोषणा पत्र और पता प्रमाण अपने ERO या AERO के पास जमा कर सकते हैं।और यदि कोई मतदाता बेघर है, तो BLO की क्षेत्रीय सत्यापन रिपोर्ट को ही निवास प्रमाण मान लिया जाएगा।
    मदद के लिए आप अपने क्षेत्र के BLO से संपर्क कर सकते हैं या ECINET ऐप पर 'Book a Call with BLO' सुविधा का लाभ उठा सकते हैं