SPORTS DESK : खेल जगत से बड़ी ख़बर आ रही है कि स्टार खिलाड़ियों से सजी मुंबई की रणजी टीम को नवोदित प्लेयर्स वाली जम्मू-कश्मीर की टीम ने 5 विकेट से मात दे दी है। इस बड़ी जीत के साथ ही जम्मू-कश्मीर की टीम ने इतिहास रच दिया है।

जम्मू-कश्मीर की टीम ने अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली मुंबई टीम को 5 विकेट से मात दी। मुंबई में रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर, यशस्वी जायसवाल, अजिंक्य रहाणे, शिवम दुबे और शार्दुल ठाकुर जैसे कई दिग्गज खिलाड़ी थे लेकिन फिर भी उसे हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर पारस डोगरा की कप्तानी वाली टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और जीत दर्ज की।

बड़ी बात ये है कि जम्मू-कश्मीर के लिए युद्धवीर सिंह ने कमाल की गेंदबाजी की, जिसकी वजह से उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब दिया गया। युद्धवीर सिंह ने मुंबई की पहली पारी के दौरान 8.2 ओवर में 31 रन देकर 4 विकेट झटके। इसके साथ ही दूसरी पारी में 3 विकेट लिए। युद्धवीर सिंह ने दूसरी पारी में 15 ओवर फेंके और 64 रन दिए।

स्टार खिलाड़ियों से सजी मुंबई की करारी हार, जम्मू-कश्मीर ने रचा इतिहास, 5 विकेट से दी मात, इस खिलाड़ी ने जीत लिया दिल

मुंबई टीम के कई दिग्गज हुए फ्लॉप

वहीं, मुंबई की टीम पहली पारी में 120 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हो गई थी। इस दौरान रोहित शर्मा मात्र 3 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, दूसरे ओपनर यशस्वी जायसवाल 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे जबकि रहाणे 12 रन और अय्यर 11 रन बनाकर आउट हुए। शार्दुल ठाकुर ने 51 रनों का योगदान दिया था। टीम ने दूसरी पारी में 290 रन बनाए. इस दौरान शार्दुल ने शानदार शतक ठोका और 119 रन बनाए। जबकि तनुष कोटियन ने 62 रन बनाए।

वहीं, जम्मू-कश्मीर की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजों ने भी अहम योगदान दिया। टीम ने पहली पारी में 206 रन बनाए थे। इस दौरान शुभम खजूरिया ने 53 रन बनाए थे। अदीब मुश्ताक ने 44 रनों का योगदान दिया था। दूसरी पारी में 5 विकेट गंवाकर 207 रन बनाए और जीत हासिल की।