मोस्ट वांटेड उमा सिंह अरेस्ट : कई संगीन मामलों में था फरार, पुलिस ने ली राहत की सांस

Edited By:  |
Reported By:
mostwanted uma singh arrest mostwanted uma singh arrest

गया : खबर है गया से जहां जिले के मोस्ट वांटेड अपराधी को पुलिस ने धर दबोचा है। बताया जा रहा है कि यह बिहार और झारखंड के कई जिले में लूट, हत्या, डकैती, गोलीबारी जैसे कुल 15 मामलो में फरार चल रहा था। जानकारी मिल रही है कि इस अपराधी पर सीसीए लगाने की अनुशंसा भी की गई थी।

इस संबंध में गया एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि उमा सिंह जिले के टॉप टेन अपराध कर्मियों की सूची में शामिल है। इस पर अभी तक बिहार और झारखंड के धनबाद जिले में लूट, हत्या, डकैती, गोलीबारी से संबंधित कुल 15 मामले दर्ज हैं। उमा सिंह पर सीसीए लगाने की अनुशंसा भी भेजी गई थी। उन्होंने बताया कि उमा सिंह इन दिनों अवैध बालू खनन का काम कर रहा था। इसी को लेकर इसके प्रतिद्वंदी गुट से गोलीबारी की भी जानकारी थी। पुलिस इस मामले में भी वांटेड की तलाश में थी। उमा सिंह गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के महादेव बिगहा गांव का रहने वाला है।

एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि उमा सिंह उर्फ उमाशंकर सिंह जहानाबाद जिले के एक गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसकी गिरफ्तारी जहानाबाद जिले के मखदुमपुर थाना क्षेत्र के चमंडीह गांव से हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने रिश्तेदार के घर पहुंचा हुआ है। जिसके बाद विधि-व्यवस्था पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। उक्त टीम के द्वारा चमंडीह गांव में छापामारी करते हुए उमा सिंह को उसके साडू के घर से गिरफ्तार किया गया है।


Copy