मिथिलांचल को बड़ी सौगात : दरभंगा से बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान शुरू,व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर सृजित
दरभंगा:दरभंगा और बेंगलुरु के बीच सीधी हवाई सेवा का इंतजार खथ्म हो गया है. दरभंगासे बेंगलुरु के लिए सीधी हवाई सेवा की शुरुआत पूरे मिथिलांचल और बिहार के लिए हर्ष और गर्व की बात है. इस नई सुविधा से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी. वहीं, व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.
वहीं, इस मौके पर दरभंगा सांसद गोपाल ठाकुर ने बेंगलुरु उड़ान शुरू होने पर खुशी जताते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी. वे दरभंगा एयरपोर्ट पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए और यात्रियों को बोर्डिंग पास देकर यात्रियों को विदा भी किया. सांसद ने कहा कि यह सेवा क्षेत्र के विकास को नई गति देगी और लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगी.
वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस पहल का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों का परिणाम बताया है. उन्होंने कहा कि दरभंगा जैसे महत्वपूर्ण शहर को देश के प्रमुख आईटी हब बेंगलुरु से जोड़ना बिहार की प्रगति की दिशा में ऐतिहासिक कदम है.
इधर, दरभंगा एयरपोर्ट ने पैसेंजर ग्रोथ के मामले में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है. पिछले एक वर्ष में यात्रियों की संख्या में करीब 57 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. वित्तीय वर्ष 2025-26 के फरवरी तक 7.11 लाख यात्रियों ने यहां से यात्रा की, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 4.52 लाख थी यानी करीब 2.58 लाख अतिरिक्त यात्रियों ने हवाई सफर किया.
एयरपोर्ट अथॉरिटी के आंकड़ों के अनुसार, दरभंगा में यात्रियों की संख्या में 57.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. जबकि पटना और गया में यह वृद्धि क्रमशः 18.5 और 7 प्रतिशत रही. वर्तमान में दरभंगा से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद के लिए सीधी उड़ान सेवाएं उपलब्ध हैं.





