कैमूर में मंत्री संजय सिंह टाइगर का बड़ा बयान : तेजस्वी यादव को बताया विफल नेता
कैमूर- बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं विधि विभाग के मंत्री सह कैमूर जिले के प्रभारी मंत्री संजय सिंह टाइगर मंगलवार को कैमूर पहुंचे। इस दौरान मोहनिया स्थित होटल पनास में उन्हें गॉड ऑफ ऑनर दिया गया। मौके पर कैमूर के डीएम और एसपी भी मौजूद रहे। इसके बाद मंत्री मोहनिया प्रखंड के भरखर में आयोजित सहयोग शिविर में शामिल हुए और आम लोगों की समस्याएं सुनीं।सहयोग शिविर में मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री संजय सिंह टाइगर ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव नेता प्रतिपक्ष के रूप में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक सजग, सतर्क और जिम्मेदार विपक्ष की जो भूमिका होनी चाहिए, उसे तेजस्वी यादव निभा नहीं पा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि बजट सत्र के दौरान तेजस्वी यादव अक्सर गायब रहते हैं और राज्य के ज्वलंत मुद्दों के समय विदेश भ्रमण पर चले जाते हैं। उन्होंने कहा, तेजस्वी यादव खुद राजनीति के प्रति गंभीर नहीं हैं, इसलिए उनके सवालों को हम लोग गंभीरता से नहीं लेते।राजद में अंदरूनी स्थिति पर हमला बोलते हुए मंत्री ने कहा कि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का दर्जा बनाए रखने के लिए न्यूनतम 25 विधायकों का समर्थन जरूरी होता है। उन्होंने दावा किया कि राजद के एक विधायक राज्यसभा चुनाव में बागी हो गए हैं और खुलेआम चुनौती दे रहे हैं कि हिम्मत है तो उन पर कार्रवाई करके दिखाएं। मंत्री ने कहा कि तेजस्वी यादव अपने विधायक पर कार्रवाई इसलिए नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि उन्हें नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी जाने का डर है।
अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि एनडीए सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा, या तो अपराध छोड़ दें, या बिहार छोड़ दें, नहीं तो जहन्नुम जाने के लिए तैयार रहें।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत और अंतरराष्ट्रीय हालात पर भी मंत्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि दुनिया में कहीं भी अशांति और अस्थिरता का असर सभी देशों पर पड़ता है। भारत 80 से 90 प्रतिशत कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है और अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण इसका असर आयात पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील के अनुसार लोगों को डीजल-पेट्रोल का कम इस्तेमाल करना चाहिए और इलेक्ट्रिक व सार्वजनिक वाहनों को बढ़ावा देना चाहिए।
सहयोग शिविर को लेकर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य के प्रत्येक पंचायत में सहयोग शिविर लगाए जा रहे हैं ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी मामले को लंबे समय तक लंबित नहीं रखा जाए और समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए।
कैमूर से अजय कुमार सिंह की रिपोर्ट





