मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में दीक्षांत समारोह : राज्यपाल संतोष गंगवार के हाथों 133 MBBS छात्रों को मिली डिग्री
जमशेदपुर: जिले के बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में सोमवार को ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला. जब कॉलेज का पहला दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया. मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल संतोष गंगवार शामिल हुए. जबकि केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के वरिष्ठ सुरक्षा सलाहकार के. विजय कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए. राज्यपाल के हाथों 133 एमबीबीएस छात्रों को मेडिकल डिग्री प्रदान की गई. मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित पहले दीक्षांत समारोह में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला.
कार्यक्रममें टाटा स्टील और मणिपाल समूह के कई वरिष्ठ शामिल
मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन के 33वें दीक्षांत समारोह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2020-21 के 133 एमबीबीएस छात्रों को स्नातक की उपाधि प्रदान की गई. एमएएचई के कुलपति डॉ. शरथ के. राव ने विद्यार्थियों को औपचारिक रूप से मेडिकल डिग्रियां प्रदान की. कार्यक्रम में टाटा स्टील और मणिपाल समूह के कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद, फैकल्टी सदस्य और छात्रों के परिजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
स्वास्थ्य सेवा का वास्तविक आधार मानवीय संवेदनाएं-राज्यपाल
राज्यपाल संतोष गंगवार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक उपलब्धि का उत्सव नहीं,बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की शुरुआत भी है. उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा सामाजिक परिवर्तन के सबसे प्रभावी माध्यम हैं और चिकित्सकों की भूमिका एक स्वस्थ एवं न्यायसंगत समाज के निर्माण में बेहद महत्वपूर्ण है. राज्यपाल ने नवस्नातक डॉक्टरों से चिकित्सा सेवा को केवल पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का मिशन मानकर कार्य करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीकों के बढ़ते दौर में भी स्वास्थ्य सेवा का वास्तविक आधार मानवीय संवेदनाएं, सहानुभूति और मरीजों का विश्वास ही रहेगा.
जमशेदपुर से बिनोद केशरी की रिपोर्ट





