लोकतंत्र का उत्सव : लोहरदगा निकाय चुनाव में धीरज साहू ने लिया हिस्सा,बेहतर नगर के लिए किया मतदान
लोहरदगा:नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है. सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आ रही हैं. युवा, महिलाएं और बुजुर्ग मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे. इसी क्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने परवार संग नए नगर परिषद कार्यालय में स्थित मतदान केंद्र में अपना मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उन्होंने अपना वोट विकास के मुद्दे पर किया है.
निकाय चुनाव स्थानीय विकास से जुड़ा
धीरज साहू ने कहा कि नगर निकाय चुनाव स्थानीय विकास से जुड़ा है और इसमें जनता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। हमने विकास, पारदर्शिता और बेहतर नगर व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मतदान किया है. उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे भी विकास के मुद्दे पर सोच-समझकर अच्छे और योग्य उम्मीदवारों को चुनें, ताकि लोहरदगा का समग्र विकास हो सके.
शहर में लोकतंत्र का उत्सव
नगर निकाय चुनाव को लेकर पूरे शहर में लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिल रहा है.कई मतदाताओं ने कहा कि वे अपने शहर की सफाई व्यवस्था, सड़क, जल निकासी, पेयजल और मूलभूत सुविधाओं में सुधार की उम्मीद के साथ मतदान कर रहे हैं.जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदान निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके.





