Hindi News / भंडरा में काफी नीचे उड़ते विमान से इलाके में मची अफरा-तफरी

लोहरदगा में टला बड़ा हादसा : भंडरा में काफी नीचे उड़ते विमान से इलाके में मची अफरा-तफरी

Edited By:  |
lohardaga mein tla badaa hadsa lohardaga mein tla badaa hadsa

लोहरदगा:जिले के भंडरा थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक चार्टर्ड विमान बेहद कम ऊंचाई पर उड़ता हुआ दिखाई दिया. विमान को आसमान में डगमगाते और असामान्य रूप से नीचे उड़ते देख ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बन गया है. कई लोगों को आशंका होने लगी है कि कहीं कोई बड़ा हादसा ना हो जाए. हालांकि,राहत की बात यह रही है कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भंडरा प्रखंड के उत्तरगी गांव के ऊपर से गुजरते समय विमान सामान्य ऊंचाई से काफी नीचे उड़ रहा था. ग्रामीणों का दावा है कि विमान महज 60 से 70 फीट की ऊंचाई पर उड़ता हुआ प्रतीत हो रहा था,जिससे लोगों में दहशत फैल गई है. ग्रामीणों ने बताया कि विमान हवा में संतुलन बनाते हुए डगमगाता नजर आ रहा था,जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो वह किसी तकनीकी समस्या से जूझ रहा हो.

घटना के दौरान कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और आसमान की ओर देखने लगे. ग्रामीणों का कहना है कि विमान गांव के एक बड़े पेड़ के बेहद करीब पहुंच गया था और बाल-बाल टकराने से बचा. इस दृश्य को देखकर आसपास मौजूद लोगों की सांसें थम गईं. लोगों को डर सताने लगा कि यदि विमान पेड़ या किसी अन्य संरचना से टकरा जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था.

ग्रामीणों के अनुसार, उत्तरंगी गांव के ऊपर से गुजरने के बाद विमान भंडरा मुख्यालय की दिशा में बढ़ा है. इस दौरान वह एक मोबाइल टावर के बेहद करीब और काफी कम ऊंचाई से गुजरता दिखाई दिया. टावर के पास से विमान के गुजरने का दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है. कई ग्रामीणों ने इसे बेहद खतरनाक स्थिति बताते हुए प्रशासन से मामले की जांच की मांग की है.

घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है. कुछ लोग इसे तकनीकी खराबी से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ लोगों का कहना है कि विमान संभवतः किसी कारणवश आपात स्थिति में कम ऊंचाई पर उड़ रहा था. हालांकि, विमान की वास्तविक स्थिति और उसके उड़ान मार्ग को लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी कम ऊंचाई पर विमान उड़ने की घटना उन्होंने पहले कभी नहीं देखी. कई ग्रामीणों ने मोबाइल फोन से विमान का वीडियो बनाने की भी कोशिश की. घटना के बाद लोग काफी देर तक गांव और आस-पास के क्षेत्रों में इसकी चर्चा करते रहे.

मामले को लेकर भंडरा थाना के थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रविराज प्रसाद ने बताया कि ग्रामीणों से कम ऊंचाई पर एक चार्टर्ड विमान उड़ने की सूचना प्राप्त हुई है. सूचना के बाद मामले की जानकारी जुटाई जा रही है. उन्होंने कहा कि राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि अथवा संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.

फिलहाल, क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि आखिर विमान इतनी कम ऊंचाई पर क्यों उड़ रहा था और इसके पीछे क्या कारण था.