लोहरदगा में गहराया पेट्रोल-डीजल संकट : कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतार तो कहीं ईंधन खत्म
लोहरदगा:जिले में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की भारी संकट देखने को मिल रही है. विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई है. लोग घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. ईंधन की कमी के कारण आम लोगों से लेकर वाहन चालकों और व्यवसायियों तक को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल खत्म होने की सूचना भी सामने आ रही है, जिससे लोगों में बेचैनी बढ़ गई है.
आम जनजीवन प्रभावित
लोहरदगा जिले में पेट्रोल और डीजल की किल्लत ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है. जिले के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही दोपहिया, चारपहिया और व्यावसायिक वाहनों की लंबी लाइनें देखी जा रही हैं. लोग घंटों इंतजार कर किसी तरह अपनी गाड़ियों में ईंधन भरवाने की कोशिश कर रहे हैं. कई वाहन चालक ऐसे भी नजर आए जो एक पेट्रोल पंप से दूसरे पेट्रोल पंप तक भटकते रहे, लेकिन उन्हें ईंधन उपलब्ध नहीं हो सका.
लंबी कतार के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित
स्थिति ऐसी हो गई है कि पेट्रोल पंपों के बाहर लंबी कतारों के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती दिख रही है. वाहन चालकों में इस बात को लेकर चिंता है कि यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो रोजमर्रा के कामकाज पर बड़ा असर पड़ सकता है. स्कूल जाने वाले बच्चों के अभिभावक,ऑफिस जाने वाले कर्मचारी,छोटे कारोबारी और मालवाहक वाहन संचालक भी इस संकट से खासे परेशान हैं.
लाइन में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौटने को मजबूर
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल और डीजल की कमी के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कुछ लोग सुबह से लाइन में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौटने को मजबूर हो रहे हैं. वहीं, कई वाहन चालक जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे पंपों पर दबाव और बढ़ गया है.
सामान्य जनजीवन पटरी पर लौटने की लगा रहे उम्मीद
ईंधन संकट का असर केवल आम लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवहन व्यवस्था और छोटे व्यवसायों पर भी इसका प्रभाव पड़ रहा है. ऑटो चालक, टैक्सी चालक और मालवाहक वाहन संचालक चिंता में हैं कि यदि यही स्थिति बनी रही तो उनकी आजीविका प्रभावित हो सकती है. वहीं, कुछ लोग इस समस्या के जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं ताकि सामान्य जनजीवन पटरी पर लौट सके.
सभी की निगाहें प्रशासन और तेल कंपनियों पर टिकी
फिलहाल लोहरदगा में पेट्रोल और डीजल को लेकर मची अफरा-तफरी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. अब सभी की निगाहें प्रशासन और तेल कंपनियों की ओर टिकी हुई है कि कब तक आपूर्ति सामान्य होती है और लोगों को इस परेशानी से राहत मिलती है.





