Hindi News / बेटे ने मां और पत्नी को मौत के घाट उतारा,दोहरे हत्याकांड से दहला...

लोहरदगा में दिल दहला देने वाली वारदात : बेटे ने मां और पत्नी को मौत के घाट उतारा,दोहरे हत्याकांड से दहला गांव

Edited By:  |
lohardaga mein dil dahla dene wali vardat lohardaga mein dil dahla dene wali vardat

लोहरदगा: जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धनामुंजी गांव में हृदयविदारक घटना सामने आई है. कलयुगी बेटे ने लोहे की सरिया से मां और पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी है. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.इस दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और लोग स्तब्ध हैं कि आखिर एक बेटा और पति इस तरह की वारदात को कैसे अंजाम दे सकता है.घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस तत्काल हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.

जानकारी के अनुसार,मड़वा उरांव अपनी पत्नी सोमरी उरांव के साथ गांव के पास स्थित आम बागान में आम तोड़ने गया था. ग्रामीणों ने बताया कि दोनों के वापस लौटने के बाद अचानक घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गई. इसी दौरान मड़वा उरांव आक्रोश में आकर घर में मौजूद अपनी पत्नी सोमरी उरांव और मां रूपी उरांव पर लोहे की सरिया से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया.

हमला इतना भयावह था कि दोनों महिलाओं को गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद आस-पास के लोगों को जब इसकी जानकारी मिली तो गांव में अफरा-तफरी मच गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई.

सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हत्या में प्रयुक्त लोहे की सरिया को भी बरामद कर लिया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित मड़वा उरांव को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.

ग्रामीणों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पूर्व मड़वा उरांव के भतीजे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. इस घटना के बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान और असामान्य व्यवहार कर रहा था। गांव के लोगों का कहना है कि भतीजे की मौत के सदमे के बाद उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. हालांकि, हत्या के पीछे का वास्तविक कारण क्या है, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है.

भंडरा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू पर जांच की जा रही है. आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.