Hindi News / जैक बोर्ड कॉमर्स में प्रार्थना प्रिया पहले और सिमरन दूसरे स्थान पर बनीं...

लोहरदगा की बेटियों ने लहराया परचम : जैक बोर्ड कॉमर्स में प्रार्थना प्रिया पहले और सिमरन दूसरे स्थान पर बनीं जिला टॉपर

Edited By:  |
lohardaga ki betiyon ne lahraya parcham lohardaga ki betiyon ne lahraya parcham

लोहरदगा:जिले के चुन्नी लाल उच्च विद्यालय की दो सहेलियों ने जैक बोर्ड के इंटर कॉमर्स परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रौशन किया है. दोनों बेटियों नेपहला और दूसरा स्थान हासिल कर न सिर्फ स्कूल बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है. इन दोनों छात्राओं की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन के सामने परिस्थितियां मायने नहीं रखतीं.

लोहरदगा के व्यवसायी प्रवीण अग्रवाल की बेटी प्रार्थना प्रिया ने 401 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया है. प्रार्थना प्रिया शुरू से ही पढ़ाई में मेहनती रही हैं और उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है. प्रार्थना प्रिया ने बताया कि वे आगे चलकर एसएससी सीजीएल की तैयारी करना चाहती हैं और देश सेवा के क्षेत्र में योगदान देने का लक्ष्य है. प्रार्थना प्रिया का कहना है कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता का मूल मंत्र है.

वहीं, दूसरी ओर हटिया गार्डन निवासी मजदूर गणेश महतो की बेटी सिमरन महतो ने 429 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है. सिमरन की सफलता विशेष रूप से प्रेरणादायक है, क्योंकि उन्होंने आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अपनी पढ़ाई जारी रखी और उत्कृष्ट परिणाम हासिल किया. सीमित संसाधनों के बावजूद सिमरन ने कभी हिम्मत नहीं हारी और अपनी मेहनतके बल पर यह मुकाम हासिल किया.

सिमरन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के संघर्ष, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी निरंतर मेहनत को दिया है. उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि वे आगे उच्च शिक्षा प्राप्त कर एक सम्मानजनक पद पर कार्य करें, जिससे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बना सकें.

विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रबंधन ने दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पूरे स्कूल के लिए गर्व का क्षण है. उन्होंने बताया कि इन दोनों छात्राओं ने न केवल पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, बल्कि अनुशासन और व्यवहार में भी अन्य विद्यार्थियों के लिए आदर्श रही हैं.

छात्रा प्रार्थना प्रिया और सिमरन महतो की यह उपलब्धि यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी सपना साकार करना कठिन नहीं हैं.