बिहार उपचुनाव के प्रचार का शोर खत्म हो गया है। 30 अक्टूबर को वोटर्स प्रत्याशियों और पार्टियों की किस्मत का फैसला करेंगी। लेकिन दो सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव से पहले नेताओं ने एक दूसरे पर जमकर शब्दबाण छोड़े। नेताओं की ज़ुबां से बोल बिना तोल मोल के निकलते रहे। शुरुआत मछली मार राजनीति से हुई। तेजस्वी की मछली मारने की तस्वीर सामने आई। जिसमें मछली मारते नज़र आए। इसके जवाब में ललन सिंह ने शब्दबाण छोड़े और पोठिया मछली मारने पर तंज कसा। शब्दबाण और वार-पलटवार का दौर तब और तीखा हो गया, जब लालू यादव चुनाव मैदान में उतरे। चुनाव मैदान में उतरने से पहले ही लालू ने सबसे तीखा वार कांग्रेस पर किया और बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास पर विवादित टिप्पणी करते हुए भकचोन्हर बता दिया। लालू के भकचोन्हर वाले बयान पर बवाल मचा ही था, पटना आने के बाद लालू ने एक बार फिर बयान का बम फोड़ा। लालू ने बिहार कांग्रेस के नेताओं को छुटभैया बता दिया।

फिर तो मानों बिना तोल मोल के बोल की बाढ़ सी आ गई। लालू ने कह दिया हम पटना नीतीश सरकार का विसर्जन करने आए हैं। जिसके जवाब में नीतीश ने कहा लालू उन्हें गोली भी मरवा सकते हैं। बात यहीं नहीं थमी। लालू जब चुनाव प्रचार करने 27 तारीख को उतरे, तो नीतीश के गोली मारने वाले बयान पर पलटवार करते हुए नीतीश को डरपोक बता दिया। वहीं अगले दिन गोली मारने वाले बयान पर तेजस्वी ने नीतीश पर हमला बोलते हुए कह दिया क्या उन्होने चूड़ी पहन रखी है।

वार-पलटवार के दौर में नेताओं के बोल निकलते रहे और नए-नए शब्द सामने आते रहे। भकचोन्हर, विसर्जन के बाद अलबला शब्द की एंट्री हुई और तेजस्वी ने नीतीश के बारे में कह दिया कि वो अलबला गए हैं। नेताओं के बोल और वार-पलटवार के बीच झूठे सच्चे को लेकर भी जंग छिड़ी। कांग्रेस पर तीखा हमला करने वाले लालू-तेजस्वी ने कहा सोनिया गांधी से फोन पर बात हुई है। लेकिन बिहार कांग्रेस प्रभारी ने लालू-तेजस्वी को झूठा बताते हुए कह दिया, सोनिया गांधी से कोई बात ही नहीं हुई है। वहीं चुनाव प्रचार खत्म होने और चुनाव से ठीक पहले साज़िश की बात ने रही सही कसर पूरी कर दी। तेजस्वी ने प्रेस कांफ्रेंस कर नीतीश सरकार पर चुनाव प्रभावित करने के लिए अधिकारियों की पोस्टिंग करने की साज़िश का आरोप जड़ दिया। जिस पर सत्ता पक्ष ने पलटवार किया। हालांकि चुनाव आयोग ने आरजेडी की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए बिरौल डीएसपी दिलीप झा को चुनाव कार्य से हटाकर निष्पक्ष चुनाव को लेकर प्रतिबद्धता जता दिया।

महज दो सीटों के उपचुनाव में नेताओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। हर तरह के बोल और शब्दबाण उगले। लेकिन जनता के मुद्दों की आवाज़ नेताओं के बोल के शोर में दब गए। अब नेताओं के बोल वचन बंद हो गए और बारी वोटरों के वोट के बोलने की है। जिसके बाद 2 नवंबर को पता चलेगा किसके बोल पर जनता ने भरोसा किया है।