कोडरमा सदर अस्पताल में बवाल : महिला की मौत पर परिजनों ने किया हंगामा,डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप
कोडरमा: कोडरमा थाना क्षेत्र के इंदरवा गांव में छज्जा गिरने से घायल महिला की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना की जानकारी देते हुए मृतक के परिजनों ने बताया कि करीब दो घंटे तक चले उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जिसके बाद गुस्साए परिजनों ने जमकर हंगामा किया. परिजनों ने इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है.
इधर, मीना देवी की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया. इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. इधर हंगामे की खबर मिलते ही प्रभारी एसडीओ ओम प्रकाश मंडल और कोडरमा थाना प्रभारी अपने दलबल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे. जहां उन्होंने परिजनों को समझाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन परिजन लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों पर कार्रवाई के साथ-साथ मुआवजे की मांग को लेकर अड़े रहे.
सदर अस्पताल में घंटों चले इस हंगामे के बाद एसडीओ के आश्वासन पर परिजनों ने हंगामा बंद किया. वहीं, मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. प्रभारी एसडीओ ओम प्रकाश मंडल ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.





