खूंटी में बड़ा हादसा : करंट की चपेट में आने से 2 स्कूली छात्रों की मौत, 6 घायल
खूंटी:खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र स्थित निधिवन रेस्टोरेंट के पास बड़ा हादसा हुआ है. सोमवार को 11 हजार वोल्ट की चपेट में आने से दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई,जबकि छह अन्य बच्चे घायल बताए जा रहे.
रथ को धक्का देकर आगे बढ़ाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रथयात्रा के दौरान बच्चे सड़क किनारे खड़े रथ को धक्का देकर आगे बढ़ा रहे थे. इसी दौरान रथ पर लगा ऊंचा झंडा ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन से सट गया. तार के संपर्क में आते ही करंट पूरे रथ में फैल गया,जिससे वहां मौजूद आठ स्कूली छात्र इसकी चपेट में आ गए.
सभी घायलों को पहुंचाया गया रेफरल अस्पताल
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को रेफरल अस्पताल तोरपा पहुंचाया. घटना में चंदन कुमार यादव (निवासी, तोरपा) और तिजेश्वर महतो (निवासी, टाटी टुरा टोली) की इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं,अन्य छह बच्चों का अस्पताल में उपचार जारी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. प्रशासन की ओर से समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है.





