अड़की से मुरहू जा रहे थे तीन आरोपी,नील फैक्ट्री के पास पुलिस की वाहन जांच में पकड़ा गया एक तस्कर; 998ग्राम अफीम बरामद
खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब पांच लाख रुपये मूल्य की अफीम बरामद की है। एनडीपीएस थाना पुलिस की छापेमारी में998 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के पास से एक यामाहा मोटरसाइकिल और झोला भी जब्त किया है।
गुप्त सूचना पर नील फैक्ट्री के पास वाहन जांच
खूंटी एसपी ने प्रेस ब्रीफ में बताया कि घटना एक नवंबर की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध अफीम जैसा मादक पदार्थ बेचने के लिए अड़की से मुरहू की ओर नील फैक्ट्री के पास आने वाले हैं।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ खूंटी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने नील फैक्ट्री के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए।
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी,एक गिरफ्तार
पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवारों को रोकने का प्रयास किया तो तीनों भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक व्यक्ति को झोले के साथ पकड़ लिया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।पकड़े गए व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके झोले से करीब998 ग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, जब्त अफीम की अनुमानित बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान,दो की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अड़की थाना क्षेत्र के मदहातू निवासी32 वर्षीय लादू मुंडा के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में जानकारी मिली है कि फरार दोनों आरोपी भी अड़की थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
खूंटी पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। वहीं, फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई चल रही है।
खूंटी से जीतेन सार की रिपोर्ट

