खगड़िया में भीषण सड़क हादसा : ट्रक, स्कॉर्पियो और बाइक के बीच टक्कर, शिक्षिका समेत 3 लोगों की मौत
खगड़िया : बड़ी खबर बिहार के खगड़िया से है जहां जिले के पसराहा थाना इलाके के पथबंधु पैट्रोल पंप के पास अब से कुछ देर पहले दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. अनियंत्रित ट्रक, स्कॉर्पियो और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में सरकारी स्कूल की एक शिक्षिका समेत तीन व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि एक युवक घायल हुआ है. टक्कर इतना जबरदस्त हुआ है कि स्कॉर्पियो का परखच्चा उड़ गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर अग्रेतर कार्य में जुट गई है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनियंत्रित ट्रक ओवर टेक करने में सामने से आ रही स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी. इसी दौरान पीछे से आ रही एक बाइक ट्रक से जा टकराई. हादसे में स्कॉर्पियो सवार सरकारी स्कूल की शिक्षिका रूबी कुमारी की इलाज के लिए अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई. वहीं बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई. हादसे में स्कॉर्पियो के ड्राइवर का इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हुई है. इस तरह से सड़क हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक युवक जख्मी हुआ है जिसका इलाज जारी है. मृतका रूबी कुमारी परबत्ता प्रखंड के खीरा डीह की रहने वाली थी.





