केंद्र सरकार ने नीति आयोग में किया बड़ा फेरबदल : अशोक कुमार लाहिड़ी नीति आयोग के बने उपाध्यक्ष , नए फुल-टाइम सदस्यों की भी हुई एंट्री
NEWS DESK : केंद्र सरकार ने नीति आयोग का पुनर्गठन करते हुए अशोक कुमार लाहिड़ी को उपाध्यक्ष बनाया है. वहीं पांच नये पूर्णकालिक सदस्यों की नियुक्ति की है. इनमें अर्थशास्त्री के वी राजू, एम्स के निदेशक एम श्रीनिवास और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अभय करंदीकर शामिल हैं. पीएम नरेंद्र मोदी ने लाहिड़ी और वैज्ञानिक गोबर्धन दास और पूर्व कैबिनेट सचिव राजीव गौबा समेते नए पूर्णकालिक सदस्यों को उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया,” सरकार ने नीति आयोग का पुनर्गठन किया है. मैं अशोक कुमार लाहिड़ी को उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर शुभकामनाएं देता हूं. साथ ही राजीव गौबा,के वी राजू, गोबर्धन दास,अभय करंदीकर और एम श्रीनिवास को पूर्णकालिक सदस्य बनने पर बधाई देता हूं. मैं सभी के सफल और प्रभावी कार्यकाल की कामना करता हूं.
पीएम ने कहा नीति आयोग भारत की नीतिगत संरचना में एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रुप में उभरा है, जो सहकारी संघवाद को बढ़ावा देने,सुधारों को आगे बढ़ाने और जीवन सुगमता को प्रोत्साहित करने का काम कर रहा है.
प्रधानमंत्री नीति आयोग के चेयरमैन हैं. नियुक्ति के बाद अशोक लाहिड़ी ने शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. लाहिड़ी 4 दशक से अधिक के अनुभव वाले वरिष्ठ अर्थशास्त्री हैं. वो वर्तमान में पश्चिम बंगाल से भाजपा के विधायक हैं और केंद्र सरकार के पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार एवं 15वें वित्त आयोग के सदस्य रह चुके हैं.
संजय कुमार की रिपोर्ट-





