कटिहार में गंगा के रौद्र रूप : जलस्तर बढ़ने से तेज हुआ कटाव, 4-5 वार्ड प्रभावित,पलायन को मजबूर ग्रामीण
कटिहार:जिले के मनिहारी प्रखंड की धुरियाही पंचायत में गंगा का कटाव भयावह होता जा रहा है. गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी के साथ कटाव ने रफ्तार पकड़ ली है,जिससे कई गांवों पर अस्तित्व का संकट गहरा गया है. हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण अपने घरों को खुद तोड़कर ट्रैक्टरों पर सामान लादकर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं. कटाव स्थल का दृश्य लोगों की बेबसी और प्रशासन के सामने खड़ी गंभीर चुनौती को बयां कर रहा है.
धुरियाही पंचायत के मुखिया राजकुमार मंडल ने बताया कि पंचायत के चार से पांच वार्ड कटाव से गंभीर रूप से प्रभावित है. अब तक सैकड़ों परिवार पलायन कर चुके हैं,जबकि हजारों एकड़ उपजाऊ कृषि भूमि गंगा में विलीन हो चुकी है.उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र स्थायी कटाव निरोधी कार्य नहीं कराया गया तो पूरी धुरियाही पंचायत का अस्तित्व संकट में पड़ सकता है.
कटाव की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक मनोहर प्रसाद सिंह एवं सांसद तारिक अनवर भी प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं. पंचायत सरकार भवन के पास लगभग 250 मीटर कटाव निरोधी कार्य कराया गया है,लेकिन ग्रामीणों ने इस कार्य की गुणवत्ता और प्रभावशीलता पर सवाल उठाए हैं.

सबसे बड़ी चिंता यह है कि कटाव की जद में पंचायत सरकार भवन, मध्य विद्यालय, प्लस-टू उच्च विद्यालय तथा सैकड़ों वर्ष पुराना प्रसिद्ध मंदिर सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी एवं धार्मिक स्थल भी आ सकते हैं. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से तत्काल प्रभावी एवं स्थायी कटाव निरोधी कार्य कराने की मांग की है.





