Hindi News / चतरा में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी,महंगाई पर नियंत्रण लगाने की मांग

JMM का हल्लाबोल : चतरा में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी,महंगाई पर नियंत्रण लगाने की मांग

Edited By:  |
jmm ka hallabol jmm ka hallabol

चतरा: देशभर में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी एवं आम जनता की समस्याओं के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गुरूवार को केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. पार्टी कार्यकर्ताओं ने डीसी ऑफिस के पास जिला अध्यक्ष निलेश ज्ञासेन के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया. विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महंगाई पर नियंत्रण लगाने की मांग की.

महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी

धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष निलेश ज्ञासेन ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है. रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे गरीब एवं मध्यम वर्ग के लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनता की मूल समस्याओं से ध्यान भटकाने का काम कर रही है, जबकि आम नागरिक महंगाई और बेरोजगारी से परेशान हैं.उन्होंने कहा कि जेएमएम हमेशा गरीब, मजदूर, किसान एवं आम जनता की आवाज उठाने का कार्य करती रही है और आगे भी जनता के हित में संघर्ष जारी रहेगा.

बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार व्यवस्था करने की मांग

पार्टी नेताओं ने सरकार से अविलंब महंगाई पर नियंत्रण लगाने, बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था करने और गरीबों को राहत देने की मांग की है. धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां एवं बैनर लेकर विरोध जताया. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी.